4 soldiers of crime branch went to apprehend accused in Sahu murder case | शिवसेना नेता हत्याकांड के आरोपी पकड़ने गए क्राइम ब्रांच के 4 सिपाही पॉजिटिव, चोइथराम मंडी का सब्जी व्यापारी कोरोना पॉजिटिव

4 soldiers of crime branch went to apprehend accused in Sahu murder case | शिवसेना नेता हत्याकांड के आरोपी पकड़ने गए क्राइम ब्रांच के 4 सिपाही पॉजिटिव, चोइथराम मंडी का सब्जी व्यापारी कोरोना पॉजिटिव


इंदौर31 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

क्राइम ब्रांच के सिपाहियों के पॉजिटिव आने पर 15 लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है।

  • जिले में 15764 लोग संक्रमित, 438 की मौत हुई, अब तक 10949 मरीज ठीक होकर घर गए
  • नगर निगम की टीम ने मास्क नहीं पहनने वालों पर चालानी कार्रवाई की,1.81 लाख का जुर्माना वसूला

रमेश साहू हत्याकांड के आरोपी को पकड़ने के लिए गुजरात गई क्राइम ब्रांच की टीम के 4 सिपाही कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उनसे संपर्क में आए कुछ सिपाहियों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। एएसपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि सिपाहियों को कोई खास दिक्कत नहीं है। उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। हम पूरी हिम्मत के साथ काम कर रहे हैं। जल्द ही वे स्वास्थ्य लाभ लेकर ठीक हो जाएंगे। समय-समय पर आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बाहर जाती है, इसलिए किसी के संपर्क में आने से ऐसा हो जाता है। हालांकि सभी सिपाहियों की मॉनिटरिंग कर उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

व्यापारी चार दिन पहले तक आ रहा था मंडी

चोइथराम सब्जी मंडी का एक व्यापारी गुरूवार को कोरोना पॉजिटिव हो गया। इसके चलते मंडी में स्थित उसकी 151 नंबर दुकान को सील कर दिया गया है। हालांकि वह चार दिन पहले तक मंडी में दुकान पर आ रहा था। चोइथराम सब्जी मंडी में रोज सुबह थोक व्यापार के दौरान व्यापारी, किसान और खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। व्यापार के दौरान तकरीबन 5 हजार लोग वहां पर मौजूद रहते हैं। ऐसे में कई मर्तबा ऐसा होता है कि सोशल डिस्टेंसिंग टूटती है। इसी का नतीजा है कि मंडी का एक सब्जी व्यापारी कोरोना पॉजिटिव हो गया है।​​​​​​

लगातार तीसरे दिन चालानी कार्रवाई में वसूले 1.80 लाख

नगर निगम की टीम ने लगातार चालानी कार्रवाई करते हुए तीसरे दिन 1.81 लाख का जुर्माना वसूला। निगम के सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल अधिकारियों सहित 100 टीम ने गुरुवार को चालानी कार्रवाई की। मास्क नही लगाने पर 1046 के विरुद्ध स्पाॅट फाइन कर 1 लाख 81 हजार से अधिक के की राशि वसूल की गई।

कोरोना को परास्त कर 53 मरीज हुए डिस्चार्ज

अरबिंदो अस्पताल से गुरुवार को 53 मरीजों ने कोरोना को परास्त किया। इनमें हर आयु वर्ग के मरीज शामिल हैं। डिस्चार्ज हुए मरीजों ने डाक्टरों, नर्सों, अन्य स्टॉफ आदि को धन्यवाद दिया और शासन-प्रशासन का भी आभार माना। अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। डिस्चार्ज हुए मरीजों में उज्जैन, नीमच, धार, झाबुआ, बड़वानी, देवास, मंदसौर, ललितपुर, शाजापुर आदि जिलों के मरीज शामिल है। अधिकांश मरीज इंदौर के हैं।

करीब ढाई लाख लोगों की टेस्ट रिपोर्ट आई

बुधवार देर रात 3245 सैंपलों की टेस्ट रिपोर्ट आई। इनमें 312 संक्रमित पाए गए, जबकि 2888 निगेटिव आए। 44 जहां रिपीट पॉजिटिव पाए गए। वहीं, एक सैंपल रिजेक्ट हुआ। जिले में अब तक 2 लाख 42 हजार 65 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इसमें 15764 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें से 438 की मौत हो चुकी है। चिंता की बात यह है कि जिले में लगातार एक्टिव मरीज बढ़ रहे हैं। अभी 4377 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसी बीच राहत की बात यह है कि 10 हजार 940 मरीज ठीक हो चुके हैं।

0



Source link