इटारसी17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इटारसी। नगरपालिका दफ्तर में सीएमओ को ज्ञापन देने पहुंचे हॉकी कोच व खिलाड़ी।
- हॉकी खिलाड़ियों ने नपा और पुलिस थाने पहुंकर दिया आवेदन, गांधी स्टेडियम की टूटी पड़ी हुई है दीवार और नाली
बुधवार को हॉकी खिलाड़ी नगरपालिका और पुलिस थाने पहुंच गए। उनकी नाराजी इस बात को लेकर थी कि गांधी स्टेडियम की टूटी दीवार एवं नाली अभी तक नहीं बनी। स्टेडियम का मैदान बदहाल है। हॉकी खिलाड़ियों ने पुलिस व प्रशासन को पत्र देकर यह घोषणा कर दी कि गुरुवार 10 सितंबर को सुबह 11 बजे मेजर ध्यानचंद चौराहे पर 30 मिनट हॉकी खेलकर सांकेतिक विरोध करेंगे। हॉकी खिलाड़ियों का कहना है कि अब तक छह सीएमओ और एसडीएम बदल गए पर कोई भी उनकी समस्या हल नहीं कर पाया।
सीएमओ हेमेश्वरी पटले ने बताया खिलाड़ी नपा दफ्तर आए थे। हम गुरुवार को सुबह जाकर मौके का निरीक्षण करेंगे और यह देखेंगे कि आखिर कौन सी तकनीकि परेशानी आ रही है, दीवार के निर्माण में। उसे दूर करने के बाद समस्या का उचित समाधान निकाला जाएगा। हॉकी कोच कन्हैया गुरयानी का कहना है अनेक बार ज्ञापन दे चुके। अब हम सड़क पर हॉकी खेलकर विरोध जताएंगे।
5 वर्ष पूर्व तोड़ी थी दीवार
उल्लेखनीय है कि गांधी स्टेडियम की दीवार करीब पांच वर्ष पूर्व नगर पालिका ने इसलिए तोड़ दी थी कि यहां पटाखा बाजार में किसी प्रकार की दुर्घटना हो तो निकलने में आसानी हो। दीवार तोडऩे से पूर्व यह यथावत दीवार बनाने और कवर्ड नाली बनाने का आश्वासन भी दिया था। दीवार नहीं बनने से गेंदें मैदान से बाहर नाली में जाकर खराब हो रही हैं।
मैदान हो गया असुरक्षित
फ्रेंड्स स्कूल तरफ की करीब तीन सौ मीटर की दीवार टूटने के कारण मैदान असुरक्षित हो गया है। इस मैदान में चार द्वार हैं। लेकिन, उनके बंद रखने का भी कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि दीवार का एक बड़ा हिस्सा टूटा है जिससे असामाजिक तत्व दिन और रात के वक्त मैदान में आकर गैरकानूनी गतिविधि करते हैं तो मवेशी भी मैदान में घुस जाते हैं।
0