भोपाल18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भोपाल के हनुमानगंज पुलिस ने गुरुवार रात 1 बजे इस मामले में असल कायमी की।- प्रतीकात्मक फोटो
- कॉलेज में पढ़ाई करता है आरोपी, दोस्त के रूम पर ले जाकर ज्यादती करने का आरोप
- छात्रा ने बताया- आरोपी ने कहा था कि शादी करेगा, लेकिन अब रूम छोड़कर कहीं और रहने लगा
राजधानी भोपाल में 11वीं की 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा से ज्यादती किए जाने का मामला सामने आया है। इसका पता घटना के करीब 6 महीने बाद छात्रा की तबीयत खराब होने पर चला। आरोपी कॉलेज में पढ़ता है। उसने छात्रा को डरा धमकाकर अपने दोस्त के रूम पर ले जाकर दुष्कर्म किया। छात्रा की शिकायत पर शाहजहांनाबाद पुलिस ने मामला दर्ज करके उसे हनुमानगंज पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक, ईदगाह हिल्स में रहने वाली छात्रा की गुरुवार दोपहर तबीयत बिगड़ी। परिजन छात्रा को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा के गर्भवती होने की जानकारी दी। इसके बाद वहां हंगामा हो गया और मामला शाहजहांनाबाद थाने पहुंचा। परिजनों के पूछने पर छात्रा ने बताया कि कुणाल नाम का लड़का उसके कॉलेज में पढ़ता है। पहले वह उनके घर से कुछ दूरी पर रहता था। इसी दौरान उससे उसकी पहचान हो गई थी।
इसी साल 17 मार्च को कुणाल ने उसे मिलने बुलाया था। इसके बाद वह जबरन उसे अपने साथ हनुमानगंज के घोड़ा नक्कास स्थित अपने दोस्त के रूम पर ले गया। यहां पर उसने बदनामी का डर दिखाकर दुष्कर्म किया। मना करने के बाद भी वह नहीं माना। घटना के बाद उसने कहा कि वह शादी कर लेगा। इस कारण वह चुप रही।
अब वह कहीं और रहने लगा है। शाहजहांनाबाद पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में शून्य पर एफआईआर कर केस डायरी हनुमानगंज पुलिस को सौंप दी। घटनास्थल हनुमानगंज थाने क्षेत्र का होने के कारण रात 1 बजे हनुमानगंज पुलिस ने इस मामले में एफआईआर की।
कुणाल की तलाश में पुलिस
घटना के बाद से ही आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पहले वह रामनगर में रहता था। उसने अपना मकान बदल कर दिया है। वह कहीं दूसरी जगह किराए से रहता है, लेकिन इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस अब पूर्व मकान मालिक से पूछताछ कर रही है।
0