आरोपियों ने पूछताछ में 10 बड़े तस्करों के नामों का भी खुलासा किया है.
भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस (police) ने मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर रचना नगर से इंदौर आजाद नगर निवासी रफीक और बुधवारा निवासी आमिर अली को गिरफ्तार (Arrest) किया. रफीक इंदौर का ड्रग्स का बड़ा सप्लायर बताया जा रहा है.
भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया.इनके पास से तमाम तरह के ड्रग्स और हथियार बरामद किए गए हैं. आरोपियों का नेटवर्क देश भर में फैला है लेकिन इसे ऑपरेट इंदौर से किया जा रहा था.
तस्करों का सॉफ्ट टारगेट थीं लड़कियां
क्राइम ब्रांच ने जिस तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, उसके निशाने पर लड़कियां रहती थीं. गिरोह अपने ड्रग्स की सप्लाई इन्हीं लड़कियों के बीच करता था. इनमें नाबालिग छात्राओं से लेकर कॉलेज और जॉब करने वाली लड़कियां तक शामिल थीं. गिरफ्तार किए गए तस्करों में इंदौर में रहने वाला मुख्य सप्लायर भी शामिल है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य स्कूल और कॉलेज की लड़कियों को फंसा कर उन्हें पहले ड्रग्स की लत लगाते थे. उसके बाद उन्हीं लड़कियों के ज़रिए दूसरी लड़कियों को माल पहुंचाते थे. कुल मिलाकर यह लड़कियों की चेन बनाते थे और इसी के जरिए अपने ड्रग्स खपाते थे.ऐसे बनाते थे शिकार
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य अमीर घर की लड़कियों को सबसे पहले टारगेट करते थे. इसके अलावा छोटे शहरों की लड़कियों को भी अपना निशाना बनाकर ड्रग्स सप्लाई करते थे. पूछताछ में आरोपियों ने यह भी कबूल किया है कि उन्होंने स्कूल से लेकर कॉलेज और गांव देहात से शहर में आने वाली लड़कियों को ड्रग्स सप्लाई कीं. सप्लाई करने से पहले लड़कियों को ड्रग्स की लत लगाई जाती थी. तस्करों के तार पूरे देश से जुड़े हैं.
ये है पूरा मामला…
भोपाल क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर रचना नगर से इंदौर आजाद नगर निवासी रफीक और बुधवारा निवासी आमिर अली को गिरफ्तार किया. रफीक इंदौर का ड्रग्स का बड़ा सप्लायर बताया जा रहा है. आरोपियों के पास से कट्टा, कारतूस के साथ ड्रग्स मिली हैं. आरोपी आमिर की निशानदेही पर चटाईपुरा से आसिफ उल्ला और बुधवारा से सौरभ गुप्ता को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों ने पूछताछ में 10 बड़े तस्करों के नामों का भी खुलासा किया है. अब क्राइम ब्रांच की टीम उन्हें तलाश रही है.