CM शिवराज का कमलनाथ पर पलटवार, कहा- वो और दिग्विजय सिंह आज के जमाने के ‘ठग’ | bhopal – News in Hindi

CM शिवराज का कमलनाथ पर पलटवार, कहा- वो और दिग्विजय सिंह आज के जमाने के ‘ठग’ | bhopal – News in Hindi


भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) के बीच जुबानी जंग थमती नजर नहीं आ रही. कमलनाथ के लगाए आरोपों पर सीएम शिवराज (CM Shivraj) ने अब पलटवार किया है. रविवार को भिंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह ने पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार (Kamalnath Government) पर भ्रष्टाचार (Corruption) में लिप्त रहने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार का नया रिकॉर्ड स्थापित किया है. राज्य के बजट में विकास के लिए आवंटित किए जाने वाले पैसे को खा गए.

शिवराज ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने किसान फसल बीमा योजना की प्रीमियम के 2200 करोड़ रुपयों का गबन किया है. उन्होंने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह आज के जमाने के ठग हैं.

शिवराज इतने पर ही नहीं रुके. उन्होंने कहा कि हमने कई बार कहा कि कमलनाथ जी कभी बाहर निकलो, जनता कष्ट में हैं, बाढ़ आ गई, सूखा पड़ गया. मगर वो बोले हम ऐसे मुख्यमंत्री थोड़ी हैं जो गली-गली फिरें, हम तो यहीं बंगले में बैठकर देख लेते हैं. मैंने कहा, तेरी प्यारी-प्यारी सूरत को किसी की नजर ना लगे कमलनाथ.

वहीं कमलनाथ पर निशाना साधने वालों में बीजेपी के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल थे. रविवार को उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कहा था (चुनावी घोषणापत्र में) कि किसान का ऋण हम 10 दिन में माफ कर देंगे, नहीं तो मुख्यमंत्री को बदल देंगे. आज मैं पूछना चाहता हूं कि गद्दार अगर कोई है तो वो कमलनाथ और दिग्विजय सिंह हैं, जिन्होंने किसानों का ऋण आज तक माफ नहीं किया.

कमलनाथ ने शिवराज और सिंधिया को दी थी ‘खुली चुनौती’ दरअसल मध्य प्रदेश की 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों के प्रचार में कूदे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को ही इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र में पार्टी के उम्मीदवार का प्रचार करते हुए यह दावा किया था कि उनकी अगुवाई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने सूबे में 26 लाख किसानों का कर्ज माफ किया है. अपने भाषण में उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया को ‘खुली चुनौती’ देते हुए कहा कि वो उनके इस दावे का खंडन कर के दिखाएं.

कमलनाथ ने सभा में यह भी कहा था कि दल-बदल कर बीजेपी में शामिल होने के बाद सिंधिया इन दिनों कांग्रेस के खिलाफ ‘चिल्ला-चिल्लाकर’ बयानबाजी कर रहे हैं. लेकिन कांग्रेस में रहने के दौरान वो किसान कर्ज माफी को लेकर उनकी अगुवाई वाली पूर्ववर्ती सरकार की तारीफ करते थे. उन्होंने राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर झूठी घोषणाएं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैंने मुख्यमंत्री रहने के दौरान घोषणाओं की राजनीति कभी नहीं की.





Source link