दुबई: रॉयल चैलेंजर बेंगलोर (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) के दौरान अभ्यास के लिये यूएई (UAE) के कप्तान अहमद रजा (Ahmed Raza) और युवा कार्तिक मेयप्पन (Karthik Meiyappan) को टीम में शामिल किया है.
यह भी पढ़ें- IPL 2020: एबी डिविलियर्स को सता रही है UAE की गर्मी, हालात को बताया चुनौतीपूर्ण
स्थानीय मीडिया के मुताबिक रजा ने अनिवार्य क्वारंटीन पीरियड पूरा कर लिया है और वो विराट कोहली की टीम के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं. बाएं हाथ के स्पिनर रजा को गेंदबाजी कोच श्रीधरन श्रीराम (Sridharan Sriram) के कहने पर बुलाया गया है.
रजा ने कहा, ‘मेरा खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ से परिचय कराया गया. श्री (श्रीराम) से अपने बारे में सुनकर अच्छा लगा. आप कल्पना कर सकते हैं कि एबी जैसा खिलाड़ी आपको आकर बोले कि हमारी मदद के लिए शुक्रिया, यकीन ही नहीं हो रहा.’
रजा साल 2014 से यूएई टीम का हिस्सा हैं, उन्होने अपना पहला वनडे मैच 1 फरवरी 2014 को स्कॉटलैंड के खिलाफ खेला था. वो यूएई के लिए अब तक 31 वनडे और 24 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. दूसरी तरफ कार्तिक लेग स्पिनर हैं जो यूएईके लिए 4 वनडे खेल चुके हैं.
गौरतलब है कि आरसीबी टीम ने अब तक एक बार भी आईपीएल का खिताब अपने नाम नहीं किया है. हालांकि इस साल क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि विराट कोहली की टीम यूएई में जरूर कमाल दिखाएगी
(इनपुट-भाषा)