- Hindi News
- Local
- Mp
- PMFBY: Shivraj Singh Chouhan Madhya Pradesh Government To Transfer Rs 127 Crore In 60 Thousand Farmers Accounts Under Fasal Bima
इंदौर33 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मंत्री सिलावट ने जिले के लाभान्वित किसानों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
- 60 हजार किसानों के बैंक खातों में फसल बीमा के 127 करोड़ रुपए पहुंचे
- जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने लाभान्वित किसानों को प्रमाण-पत्र बांटे
शुक्रवार को सरकार द्वारा जिले के 60 हजार किसानों के बैंक खातों में 127 करोड़ रुपए की राशि जमा करवाई गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत यह राशि किसानों के खाते में एक क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में जमा कराई। वहीं, इंदौर जिले के सांवेर में आयोजित कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जिले के लाभान्वित किसानों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
इस मौके पर मंत्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश में किसानों को उनका हक दिलाए जाने के लिए सरकार द्वारा दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क, बिजली, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। सांवेर के हर खेत तथा हर घर तक नर्मदा का पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। कृषि उपज के क्षेत्र में सांवेर को पंजाब जैसा बनाया जाएगा।
प्रदेश के 22 लाख किसानों के बैंक खाते में पहुंचे रुपए
उज्जैन में मुख्यमंत्री चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का सीधा-प्रसारण दिखाया गया। इसमें मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 22 लाख किसानों के बैंक खातों में चार हजार 688 करोड़ रुपए की राशि जमा कराई। इसमें इंदौर जिले के 60 हजार किसानों के लिए 127 करोड़ रुपए की राशि शामिल है। जिले में सांवेर विधानसभा क्षेत्र के 20 हजार किसानों के बैंक खातों में 50 करोड़ रुपए की राशि जमा हुई है। जिले में अभी आगे 28 हजार 700 किसानों के बैंक खातों में करीब 26 करोड़ रुपए की राशि और जमा होने की कार्रवाई जारी है।
जिले में 88 हजार किसानों का बीमा हुआ
कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने बताया कि इंदौर जिले में जारी खरीफ मौसम में एक लाख 6 हजार किसानों का फसल बीमा कराया गया है। यह इंदौर में रिकाॅर्ड है। पिछले साल जिले में 88 हजार किसानों का बीमा हुआ था। जिले में अति वर्षा से फसलों की जो नुकसानी हुई है, उसके संबंध में दल गठित कर बहुत सूक्ष्मता के साथ सर्वे कराया गया है। यह सर्वे अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा गांव-गांव जाकर किया गया है। जिले में ऐसे किसान जिनका नुकसान हुआ है, उनकी नुकसानी की पूरी भरपाई की जाएगी। किसानों का बीमा कराने के लिए जनप्रतिनिधियों ने बेहतर सहयोग दिया। वहीं, पूर्व विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना, नदी जोड़ो योजना, खेतों तक सड़क योजना और सिंचाई योजनाओं के माध्यम से विकास के क्षेत्र में नयी इबारत लिखी जा रही है।
0