बुरहानपुर12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- आर्थिंक संकट के कारण निगम 3 माह से नहीं कर पा रहा वेतन का भुगतान
नगर निगम में सफाई ठेके पर काम कर रहे श्रमिक 5 दिन से हड़ताल पर हैं। इससे शहरभर में पांच दिन से कचरा नहीं उठाया जा रहा है। डोर-टू-डोर जाने वाले कचरा वाहन भी बंद हैं। इस कारण शहर में गंदगी नजर आने लगी है। नगर निगम के ठेका श्रमिकों को 3 माह से वेतन नहीं मिला है। नगर निगम की आर्थिक स्थिति खराब होने से सफाई ठेकेदार के बिलों का भुगतान नहीं हुआ। वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने 5 दिन पहले काम बंद कर दिया। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले करीब 45 श्रमिक भी हड़ताल में शामिल हैं। इन सभी ने 5 दिन से कचरा वाहन चलाना बंद कर दिया है। इससे घरों से कचरा एकत्र नहीं हो पा रहा है। लोग वार्ड और सड़कों पर रखे डस्टबिनों में कचरा डाल रहे हैं लेकिन अब ये भी पूरी तरह भर चुके हैं। नगर निगम यह प्रयास कर रहा है कि नियमित कर्मचारियों से सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जा सके लेकिन कम श्रमिकों के कारण यह संभव नहीं है।
अभी किसी भी भुगतान की स्थिति में नहीं- अधिकारी
नगर निगम के वित्त उपायुक्त एसआर सिटोले ने बताया निगम फिलहाल किसी भी भुगतान की स्थिति में नहीं है। बिल बकाया होने के कारण बिजली कंपनी ने कार्यालय का कनेक्शन भी काट दिया है। हर महीने बिजली बिल और ठेका सफाई श्रमिकों के वेतन के लिए सवा करोड़ से ज्यादा का खर्च होता है। इसकी पूर्ति चुंगी क्षतिपूर्ति से होती थी लेकिन एक साल से राशि कम मिलने के कारण निगम लगातार वित्तीय संकट से गुजर रहा है।
0