शाजापुर10 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
मंगलवार रात से हो रही बारिश के कारण बुधवार को मंडी में प्याज-लहसुन के भाव तेज होने के बाद भी आवक काफी कम रही। बुधवार को मंडी में प्याज के 2 हजार कट्टे आए, जबकि लहसुन के 150 कट्टे ही आए। प्याज 35 रुपए किलो के भाव में नीलाम हुआ। वहीं लहसुन के भाव 10 हजार रुपए क्विंटल तक रहे।
बारिश में प्याज गीला होने व्यापारियों को एक बार फिर नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि अच्छी बात यह रही कि किसान ज्यादा उपज नहीं लाए। नीलामी भी शेड में हुई। इधर किसानों के लिए बुरी खबर है। एक बार फिर मंडी व्यापारी और कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं, जबकि सोयाबीन की उपज आने वाली है और लहसुन का सीजन भी शुरू होने वाला है। अभी प्याज के भाव निर्यात पर प्रतिबंध होने के
बावजूद तेज हैं, क्योंकि महाराष्ट्र सहित उत्तर भारत में मांग एकतरफा हो गई है। इधर गुरुवार से अनाज तिलहन व्यापारी संघ द्वारा मंडी टैक्स को कम करने को लेकर हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में प्रदेश की अनाज मंडियों में गुरुवार को नीलामी नहीं होगी। शुक्रवार से मॉडल एक्ट के विरोध में मंडी कर्मचारी अनिश्चित हड़ताल करेंगे। इस कारण अनाज और सब्जी मंडी में नीलामी बंद रहेगी।
व्यापारी संघ की हड़ताल
अनाज व्यापारी संघ अध्यक्ष इंदर सिंह राठौड़ ने बताया कि अनाज तिलहन व्यापारी संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर व्यापारियों पर लगने वाला मंडी टैक्स कम किए जाने के संदर्भ में पूरे प्रदेश में हड़ताल रखेंगे। अभी मंडी में 1 रुपए 50 पैसे व्यापारी द्वारा टैक्स दिया जाता है। व्यापारियों की मांग है कि इस टैक्स की राशि 50 पैसे की जाए। इसी मांग को लेकर शहर की अनाज मंडी सहित जिले की मंडियां बंद रहेंगी। जब तक मंडी टैक्स कम नहीं किया जाएगा, तब तक हड़ताल
जारी रहेगी। इधर, मंडी लेखापाल अशोक जोशी ने बताया कि मॉडल एक्ट के विरोध में एक बार फिर हड़ताल होने जा रही है। शुक्रवार से शहर की अनाज व सब्जी मंडी सहित जिलेभर की सभी मंडी बंद रहेगी और नीलामी नहीं होगी।
0