कोरोना संक्रमण की वजह से देशभर में कोचिंग इंस्टीट्यूट या तो बंद हैं या ऑनलाइन स्टडी मटेरियल उपलब्ध करा रहे हैं। चूंकि कोरोना की वजह से लोगों के काम-धंधे या तो मंदे हैं या आय का जरिया पूरी तरह से खत्म हो गया, ऐसे में मुरैना विधानसभा क्षेत्र के ऐसे मेधावी छात्र-छात्राएं जो कोटा-दिल्ली जैसे हाईप्रोफाइल इंस्टीट्यूट में पढ़ने में अक्षम हैं, उनके लिए पूर्व विधायक रघुराज कंषाना ने “रघुराज कंषाना एप’ तैयार कराया है, जिसके माध्यम से पीईटी-पीएमटी, आईआईटी, मेडिकल, इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले छात्र न सिर्फ पढ़ाई कर सकते हैं बल्कि कोटा-दिल्ली के एक्सपर्ट द्वारा जारी ऑनलाइन क्लास के वीडिया देखकर लाभ उठा सकते हैं।
पूर्व विधायक रघुराज कंषाना ने बताया कि एप व वेबसाइट से पढ़ाई का ख्याल दिमाग में तब आया, जब क्षेत्र के कुछ बच्चों ने अपनी परेशानी बताई। तब हमने सॉफ्टवेयर कंपनी से एक ऐसा एप तैयार कराया, जिसमें देशभर के ख्यातिनाम इंस्टीट्यूट के एक्सपर्ट टीचर्स द्वारा उपलब्ध स्टडी मटेरियल, वीडियो लेक्चर व अन्य जानकारियां साझा की जा सकें। इस एप की खासियत यह है कि कोई भी मेधावी छात्र गूगल प्लेस्टोर पर जाकर इस एप को नि:शुल्क डाउनलोड कर अपना रजिस्ट्रेशन कराए और पढ़ाई को जारी रख सकता है।
क्षेत्र के लोग समस्याएं बताएं, होगा समाधान
पूर्व विधायक रघुराज कंषाना ने बताया कि रघुराज कंषाना एप सिर्फ स्टडी प्लेटफॉर्म ही नहीं है बल्कि लोगों की समस्याओं को सुलझाने वाला प्लेटफॉर्म भी है। क्षेत्रीय लोग इस एप पर अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं भेजेंगे तो संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहकर उनका समाधान कराया जाएगा। ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।