डबरा21 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- तीन नकाबपोश बदमाशों ने की वारदात, टेकनपुर में अपने घर जा रहा था कैशियर
टेकनपुर के पास ओम स्मेटर स्टील प्लांट के कैशियर के साथ लूट का मामला सामने आया है। कैशियर से प्लांट से घर आते समय एक बाइक पर सवार तीन बदमाश कट्टे का भय दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट ले गए। बैग में कैशियर द्वारा डेढ़ लाख से अधिक रुपए बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं किया और जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
प्लांट के कैशियर मोहम्मद रफी ने बताया कि वे गु़रुवार की शाम करीब 6.30 बजे अपनी बाइक से प्लांट से अपने घर टेकनपुर कस्बे में जा रहे थे। वह बायपास हाईवे पर कुछ समय के लिए एक बस के इंतजार में रुके। कैशियर रफी का कहना है कि बस पर कुछ सामान आ रहा था इसलिए वह रुक गए थे। उसी दौरान एक बाइक पर सवार मुंह बांधे हुए तीन बदमाश उनके पास आकर रुके और कट्टा अड़ाकर उनसे रुपयों से भरा बेग जिसमें करीब 1.50 लाख से अधिक रुपए थे लूट ले गए।
वारदात के बाद रफी ने इसकी सूचना प्लांट के मालिकों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच की। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस ने किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं किया है। आंतरी थाना प्रभारी अमित शर्मा का कहना है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और शुक्रवार को फरियादी को बुलाया है।