नागदा17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
नेशनल थर्मल पॉवर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) की उज्जैन रोड (ग्राम मकला गत्ता फैक्टरी के सामने) स्थित लगभग 1 हजार बीघा खाली जमीन पर सांसद अनिल फिरोजिया ने कोई बड़ा पॉवर प्रोजेक्ट लगाने की मांग है। दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह से भेंटकर सांसद ने बताया है कि लगभग 20 साल पहले नागदा से महज 4 किमी दूर ग्राम मकला व गुराड़िया के करीब मैन रोड से सटी 1 हजार बीघा जमीन थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट लगाने के लिए किसानों से खरीदी गई थी।
लेकिन किसी कारणवश प्रोजेक्ट अन्य स्थान पर शिफ्ट होने से योजना अधर में रह गई। तब से यह जमीन खाली ही पड़ी है। उज्जैन-जावरा स्टेट हाइवे से जमीन सटी है। मैन रोड पर होने से इस जमीन पर कोई अन्य पॉवर प्रोजेक्ट लगाया जा सकता है। सांसद की मांग पर ऊर्जा मंत्री ने आश्वस्त किया कि अब थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट नहीं लगाए जाते। वे जमीन का सदुपयोग हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर कोई अन्य पॉवर प्रोजेक्ट यहां लगाने के लिए जल्द ही मौके का परीक्षण करने के लिए टीम भेजेंगे।
250 करोड़ रुपए से अधिक है बाजार
उज्जैन-जावरा स्टेट हाइवे पर यह जमीन बिलकुल मैन रोड से सटी हुई है। यहां फिलहाल जमीन की कीमत ही 25 से 35 लाख रु. बीघा है। इस लिहाज से जमीन बेशकीमती है। अगर जमीन पर कोई बड़ा पॉवर प्रोजेक्ट लगता है तो रोजगार, व्यापार की दृष्टि से उज्जैन संभाग के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।