खंडवा3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- कमलनाथ के सर्वे में उत्तम का था नाम, इसलिए नेताओं के विरोध के बावजूद उन्हें ही दिया टिकट
- एक बार निर्दलीय, दो बार कांग्रेस से चुनाव लड़े भाजपा उम्मीदवार पटेल के सामने मैदान में पहली बार चुनाव लड़ेंगे कांग्रेस के उम्मीदवार उत्तमपाल सिंह
उपचुनाव में मांधाता विधानसभा सीट पर आखिरकार कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजनारायणसिंह के बेटे उत्तमपाल को प्रत्याशी घोषित कर ही दिया। उम्मीदवारों के सर्वे में सबसे ऊपर पूर्व विधायक राजनारायणसिंह और उनके बेटे उत्तम पाल का नाम था। इसका विरोध भी हुआ। पार्टी के असंतुष्ट भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से भी मिले और इन्हें टिकट देने का विरोध भी किया। कमलनाथ ने साफ कहा था जिसका नाम सर्वे में ऊपर होगा, टिकट उसे ही मिलेगा। राजनारायण सिंह और उत्तम से भी कहा था आप असंतुष्टों को साध लो। कमलनाथ ने वीटो पावर का इस्तेमाल कर रविवार को उत्तम पाल को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे पहले सिंह और उत्तम पाल ने बोरावां में पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव से भी मुलाकात की थी। अब स्पष्ट हो गया है कि मांधाता सीट से भाजपा के नारायण पटेल के सामने कांग्रेस के उत्तम पाल मैदान में हैं।
राजनीतिक करियर: उपचुनाव के दोनों ही उम्मीदवारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि
भाजपा
विधानसभा क्षेत्र मांधाता नाम नारायण पटेल उम्र 63 शिक्षा 11वीं राजनीतिक अनुभव एक बार निर्दलीय, दो बार कांग्रेस के टिकट से विधानसभा चुनाव लड़े।
कांग्रेस
विधानसभा क्षेत्र मांधाता
नाम उत्तमपाल सिंह
उम्र 39
शिक्षा एमएसडब्ल्यू में पोस्ट ग्रेजुएट
राजनीतिक अनुभव – पूर्व विधायक पिता राजनारायण के राजनीतिक उत्तराधिकारी।
असंतुष्ट फिर भोपाल पहुंचे, नाथ ने समझाया
उत्तमपाल पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरे हैं। उनका सामना एक बार निर्दलीय और दो बार कांग्रेस के ही टिकट पर मांधाता से चुनाव लड़ चुके भाजपा प्रत्याशी नारायण पटेल से है। उत्तमपाल का राजनीतिक अनुभव युवक कांग्रेस और पूर्व विधायक पिता राजनारायण की मतदाताओं के बीच पैठ है। क्योंकि.. रविवार सुबह जैसे ही उत्तमपाल का नाम फाइनल हुआ, वैसे ही राजनारायण सिंह से असंतुष्ट नेता पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने भोपाल पहुंचे। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने उन्हें सर्वे का हवाला देकर उत्तमपाल के लिए चुनाव में काम करने के निर्देश दिए।
20 हजार युवा कार्यकर्ता जोड़े तब हाईकमान ने दिया टिकट, समर्थकों ने पुरनी हवेली में की आतिशबाजी
बीड़ | मांधाता से उत्तम पाल सिंह को कांग्रेस का टिकट मिलते ही समर्थकों ने पुरनी हवेली पहुंचकर जमकर आतिशबाजी की और मिठाई बांटी। उत्तम पाल ने सतत 9 साल विधानसभा युकां अध्यक्ष रहते 20 हजार युवा कार्यकर्ता भी पार्टी से जोड़े हैं। उत्तम पाल सिंह 10 साल तक सतत विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के सतत संपर्क में हैं। उन्होंने विशेषकर युवाओं में पैठ बनाए रखी। गौरतलब है कि भास्कर ने पहले ही बता दिया था कि कांग्रेस के सर्वे में पूर्व विधायक राजनारायण के बेटे उत्तम पाल सिंह का नाम है।
मांधाता फ्लैशबैक
नारायण पटेल ने 2008 में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर राजनारायण सिंह के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था। 2013 व 2018 के विस चुनाव में कांग्रेस ने पटेल को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया। इस चुनाव में पटेल ने भाजपा प्रत्याशी नरेंद्रसिंह तोमर को 1236 वोटों से हराया, लेकिन प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम में उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा। इधर, भाजपा सांसद नंदकुमारसिंह ने बिना देर किए 22 अगस्त को मूंदी में पटेल को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया। वहीं कांग्रेस ने प्रत्याशी का नाम एक महीने बाद घोषित किया।
मांधाता में 1,96,306 मतदाता, इसमें 3 अन्य भी
उपचुनाव में मांधाता विधानसभा क्षेत्र के 293 मतदान केंद्र हैं। यहां पर कुल 1,96,306 मतदाता दर्ज हैं। इसमें 3 अन्य मतदाता भी शामिल है। वहीं पुरुष 101774 व 94,529 महिला मतदाता है। निर्वाचन आयोग ने कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए उपचुनाव में 1 हजार से ज्यादा मतदाताओं वाले 30 मतदान केंद्रों पर उप-मतदान केंद्र बनाए हैं।
बाबा का हमला : जिसने आपके मत का अपमान किया, उसे सबक सिखाना है.
लोकतंत्र व संविधान बचाओ यात्रा पर निकले कम्प्यूटर बाबा ने किया आह्वान
आपने कांग्रेस को अपना बहुमूल्य वोट देकर कमलनाथ की सरकार बनाई थी। आपके विधायक धोखेबाज निकले। उन्होंने आपके वोट का अपमान कर विधायक पद से इस्तीफा देकर पाला बदल लिया। ऐसे व्यक्ति को दोबारा वोट मत देना। कमलनाथ की सरकार गिराने वाले विधायकों ने भाजपा के साथ मिलकर लोकतंत्र की हत्या कर संविधान का भी अपमान किया है। ऐसे लोगों को सबक सिखाना जरूरी है। संविधान की रक्षा के लिए हमंें तिरंगा हाथ में लेकर निकलना पड़ा है।
लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर निकले महामंडलेश्वर कम्प्यूटर बाबा ने रविवार दोपहर माता मंदिर में आयोजित सभा में यह बात कही। वे 22 सितंबर से 20 अक्टूबर तक उपचुनाव वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों की यात्रा कर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। बाबा ने कहा नारायण पटेल ने कांग्रेस के नाम पर आपका वोट लेकर दल बदल लिया। वोट लेने घर आए, लेकिन इस्तीफा देने से पहले आपसे नहीं पूछा। ऐसे व्यक्ति पर आगे विश्वास मत करना। सभा को पं. रवि त्यागी, नंदानंद महाराज व महेंद्र महाराज ने भी संबोधित किया। उन्होंने भी मांधाता के मतदाताओं से लोकतंत्र बचाने व संविधान की रक्षा का आग्रह किया। उन्होंने कहा कमलनाथ सरकार ने 15 माह में प्रदेश के भू-माफिया, रेत माफियाओं के खिलाफ कड़े कदम उठाकर कार्रवाई की। इन अवैध कामों में भाजपा के नेता ज्यादा थे। इसी से घबराकर उन्होंने कमलनाथ सरकार को गिराकर लोकतंत्र को खतरे में डाल दिया है।