भिंड11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सोमवार को बंद के दौरान बगैर मास्क लगाए खूब हुई खरीद फरोख्त।
- पुलिस की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित
- एकतरफा कार्रवाई से अभियान पर उठे सवाल
कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। ऐसे में पुलिस ने बिना मास्क वालों पर निगरानी रखना शुरू किया है। इसके तहत पुलिस सीसीटीवी फुटेज से मिले फोटो नगर पालिका को देगी और नगर पालिका वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ऐसे लोगों के घर चालान भेजेगी लेकिन यह निगरानी सिर्फ वाहन चलाने वालों तक सीमित है। बाजार में बिना मास्क लगाए पैदल घूमने वालों और सामान बेचने वालों दुकानदारों-ठेले वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे लोग इस अभियान पर ही सवाल उठा रहे हैं कि सिर्फ वाहन चालकों के मास्क लगाने से कैसे संक्रमण रुक जाएगा।
जिले में अब तक 942 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 155 लोग अभी भी बीमार हैं। सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित सितंबर महीने में मिले क्योंकि जैसे-जैसे अनलॉक में छूट बढ़ती गई, लोग लापरवाह होते गए। संक्रमण की रोकथाम के लिए पिछले दिनों जिलास्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में सोमवार को लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया लेकिन यह निर्णय पहले ही दिन बेअसर नजर आया। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों से बिना मास्क वालों की निगरानी रखना भी रविवार से शुरू किया है लेकिन इसमें भी सिर्फ वाहनों चालकों पर नजर है, पैदल घूमने वालों और दुकानदारों पर नहीं।
दिनभर खुली रही सब्जी मंडी, बिना मास्क के दिखे विक्रेता और ग्राहक
सोमवार को सुबह 9 बजे तक फल, सब्जी और दूध वालों को छूट दी गई थी लेकिन नगरपालिका प्रशासन की अनदेखी से सब्जी मंडी पूरे दिन खुली रही, जहां सब्जी विक्रेता बिना मास्क के नजर आए। ग्राहकों ने भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। दिनभर मंडी में भीड़-भाड़ होने से बंगला बाजार रोड पर ट्रैफिक जाम के हालात बनते रहे।कोरोना संक्रमण जैसी महामारी के बीच भी दुकानदार एक दिन के लॉकडाउन का पालन नहीं करना चाह रहे हैं। सदर बाजार, बंगला बाजार, स्टेशन रोड, बजरिया, लश्कर रोड और इटावा रोड पर दुकानदारों ने आधा शटर खोलकर कारोबार किया। पुलिस की गाड़ी देखकर वे शटर गिरा देते।
8 नए मरीज मिले, अब कुल 950 संक्रमित, 10 पुराने हुए स्वस्थ
जिले में सोमवार को 8 नए संक्रमित मिले हैं। नए मरीजों में 5 मरीज अकेले भिंड शहर के हैं। 3 मरीज दबोह के वार्ड क्रमांक 7 के रहने वाले हैं। रिपोर्ट के अनुसार शहर के वार्ड क्रमांक 18 बीटीआई रोड पर 23 वर्षीय महिला, वार्ड क्रमांक 4 वाटर वर्क्स में 24 वर्षीय महिला और वार्ड क्रमांक 26 भवानीपुरा में मां बेटी संक्रमित मिली हैं। वहीं दबोह के वार्ड क्रमांक 7 में एक ही परिवार के तीन सदस्य संक्रमित मिले हैं। हालांकि शहर के 5 पुराने मरीजों सहित कुल 10 मरीज सोमवार को स्वस्थ भी हो गए हैं। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 950 हो गई है। इनमें 788 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि एक्टिव केस 155 हैं।