खंडवा14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में सोमवार को शिक्षक व व्यवसायी की मौत
कोरोना संक्रमित मरीज के घर के बाहर ड्यूटी के दौरान बुखार व सांस लेने की तकलीफ के बाद शिक्षक प्रेमलाल पिता चेतराम बोरियाले (45) निवासी केशवकुंज सिविल लाइंस की सोमवार दोपहर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में मौत हो गई। प्रेमलाल किरगांव के प्रायमरी स्कूल में शिक्षक थे। इनके अलावा छैगांवमाखन के चूना व्यवसायी कैलाश पिता फूलचंद राठौर (65) को रविवार को भर्ती किया। सोमवार सुबह पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। दोपहर में मौत हो गई। छैगांवमाखन क्षेत्र की यति बाई की सारी वार्ड में मौत हुई, हालांकि उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब तक कुल 35 मरीजों की मौत हो चुकी है।
खंडवा में पहला कोरोना पॉजिटिव 8 अप्रैल की रात आया था। अब तक 1500 पॉजिटिव केस आ चुके हैं। जिला अस्पताल की ट्रूनॉट मशीन से सोमवार को कुल 2 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये मरीज छैगांवमाखन व सिविल लाइंस निवासी है। जिले में अब तक कुल 1500 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
भास्कर लाइव… पर्स और मोबाइल देख पत्नी बोलीं- अब इसका मैं क्या करूंगी
जिला अस्पताल के कोविड सेंटर के बाहर सोमवार शाम 6.15 बजे अस्पताल के कर्मचारियों ने बाहर आकर शिक्षक प्रेमलाल बोरियाले का पर्स, मोबाइल उनकी पत्नी के हाथ में देते हुए कहा कि अब वो नहीं रहे। ये उनकी जेब से निकला सामान ले लो। इतना सुनते ही प्रेमलाल की पत्नी संगीता बोरियाले, बेटी सोनिका बिलख पड़ीं। पर्स को सीने से लगाते हुए कहा कि मेरे पति अच्छे भले थे। कभी उन्हें बुखार भी नहीं आया।
कोरोना काल में लगातार ड्यूटी कर रहे थे। यहां (आइसोलेशन वार्ड) भर्ती होने से पहले सराफा 5 से 19 सितंबर तक कोरोना संक्रमित मरीजों के घर के बाहर ड्यूटी कर रहे थे। 18 सितंबर को मुझसे कहा कि शरीर में बुखार जैसी हरारत लग रही है। सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। 19 सितंबर को स्वयं जांच कराने पहुंचे। उन्हें यहां भर्ती कर लिया। फिर बाद में पता चला कि वे कोरोना संक्रमित हो गए हैं। 10 दिन तक भर्ती रहे।
हर पल उनके स्वस्थ होने का इंतजार कर रहे थे। अब ये दिन देखने को मिला है। हमने कभी सोचा भी नहीं था, वो अचानक धोखा दे जाएंगे। मैंने और मेरे बच्चों ने उन्हें दस दिन से नहीं देखा। कहां की ये बीमारी है, मुझसे मेरा पति और बच्चों से उनके पिता को छीन लिया। अब हम किसके सहारे रहेंगे।
जिले का रिकवरी रेट हुआ 80.64
जिले में अब तक 26874 लोगों के कोविड जांच के लिए सैंपल लिए जा चुके हैं। मेडिकल कॉलेज से रविवार रात में 8 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। पॉजिटिव रिपोर्ट में लवकुश नगर के 2, सराफा बाजार, आबुद, पदमनगर कॉलोनी, भैसावा, सिनखेड़ी व पंधाना से 1-1 मरीज शामिल हं। अब तक कुल 1208 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 80.64 है। अब तक संक्रमण से 35 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।
स्वस्थ होकर घर पहुंचे 13 मरीज
कोविड सेंटर से सोमवार को 13 मरीजों को संक्रमण मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया। इनमें राकेश निवासी सिंधी कॉलोनी, भवानीशंकर निवासी दीनदयालपुरम, मनोज निवासी टैगोर कॉलोनी, नितिन निवासी सिद्धिपुरम कॉलोनी, लक्ष्मण निवासी चीराखदान, शशि निवासी वैकुंठ नगर, सेवंती बाई निवासी भंडारिया रोड, कुसुम निवासी लाल चौकी, ओमप्रकाश एवं काजल निवासी सैयदपुर खैगांवड़ा, अभिलाष निवासी प्रणाम सिटी, सतीश, सुरेश निवासी शकुन नगर शामिल है।
अब मास्क है जरूरी
कोरोना तेजी से फैल रहा है। मास्क पहनना जरूरी है। सांस लेने में तकलीफ हो तो लापरवाही न करें। शिक्षक प्रेमलाल भर्ती हुए थे। उस दिन उनका ऑक्सीजन लेवल 50% पर था, 98 तक होना चाहिए। इस तरह के केस भी बढ़ रहे हैं।
-डॉ. योगेश शर्मा, एपिडिमियोलॉजिस्ट