शाजापुर12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- नगर पालिका सीएमओ ने कहा- गुणवत्तापूर्ण काम नहीं होने तक भुगतान नहीं करंेगे
शहर के वार्ड 8 में बने सीसी रोड निर्माण ने नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्याे पर कालिख पोतने का काम किया है। जामा मस्जिद से पायगा मैदान तक 29 लाख रुपए से बनी यह सीसी रोड 25 दिन भी पूरे नहीं कर सकी। सीसी रोड में लगी रेत व चूरी बिखरना शुरू हो गई। साइड व नाली भी धंसना शुरू हो गई। इधर, मामला नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित के सामने आते ही उन्होंने इंजीनियर को सीसी रोड की जांच के निर्देश देकर ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगा दी। वार्ड-8 में लंबे समय से सीसी रोड की मांग चल रही थी। पिछले साल 29 लाख रुपए से जामा मस्जिद से पायगा मैदान तक सीसी रोड निर्माण के लिए नगर पालिका ने प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद ऑनलाइन टेंडर प्रकिया के जरिये ठेका हुआ। लॉकडाउन के बाद अभी कुछ दिन पहले ठेकेदार ने सीसी रोड निर्माण शुरू कराया। निर्माण के दौरान ही रहवासियों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए। पार्षद संजीदा वारसी ने बताया कि ठेकेदार से उस समय भी निर्माण रुकवाते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का अल्टीमेटम दिया। जब ठेकेदार नहीं माने तो इंजीनियर को बुलाया। लेकिन ठेकेदार ने इंजीनियर की भी नहीं मानी और घटिया निर्माण करा दिया। सीसी रोड निर्माण का काम अभी पूरी ही नहीं हुआ और सीसी रोड खराब हो गया।
भोपाल तक शिकायत की
सीसी रोड बनने के 25 दिन में ही निकली रेत व चूरी के साथ यहां डस्ट उड़ने लगी है। नतीजतन रहवासियों के सामने धूल की नई समस्या खड़ी हो गई। साथ ही यहां खेलने वाले बच्चों को चूरी से घायल होने का खतरा भी बढ़ गया। यह देख रहवासियों ने उक्त सीसी रोड फिर से बनाने की मांग शुरू कर दी है। इसके लिए कलेक्टर दिनेश जैन से लेकर उज्जैन व भोपाल नगरीय विकास विभाग तक शिकायत भी कर दी है।
ठेकेदार पर कार्रवाई कराएंगे
पार्षद प्रतिनिधि शालू भाई ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद वार्डवासियों की सुविधा के लिए सीसी रोड मंजूर कराई थी। लेकिन ठेकेदार ने घटिया निर्माण कर पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। संबंधित ठेकेदार से नए सिरे से सीसी रोड बनवाई जाएगी। ऐसा नहीं हुआ तो उच्च स्तर तक शिकायत करूंगा। ताकि घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
अच्छा निर्माण नहीं होने तक भुगतान नहीं, अन्य निर्माण की भी जांच
वार्ड 8 में बने सीसी रोड के खराब होने की जानकारी सामने आई है। जांच के लिए इंजीनियर को भेज दिया है। नए सीसी रोड के खराब हो जाने के कारण अब उसका भुगतान नहीं किया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण कार्य होने के बाद ही भुगतान किया जाएगा।
साथ ही उक्त निर्माण को देखते हुए संबंधित ठेकेदार द्वारा पिछले 3 साल के दौरान बनाए अन्य निर्माण की भी जांच कराएंगे। यदि इससे पहले वाले निर्माण भी खराब हो गए हैं तो 3 साल की गारंटी अवधि वाले अन्य सीसी रोड की भी संबंधित से मरम्मत कराई जाएगी।
– भूपेंद्र कुमार दीक्षित, सीएमओ, नपा शाजापुर