भोपाल में नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास से लेकर प्रदेश कार्यालय तक पर प्रदर्शन किया
MP By election: ब्यावरा सीट पर बीजेपी एक बार फिर नारायण पवार पर दांव आजमा सकती है. लेकिन स्थानीय नेता और कार्यकर्ता पवार के खिलाफ हैं और वे नये चेहरे की मांग कर रहे हैं.
नारायण पवार के प्रचार करने से नाराजगी
ब्यावरा सीट कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी के निधन से खाली हुई थी. गोवर्धन सिंह दांगी से 700 वोट से हारने वाले बीजेपी उम्मीदवार नारायण पवार पर फिर से बीजेपी दांव लगा सकती है. वह ब्यावरा सीट से बीजेपी के संभावित प्रत्याशी हैं. ऊपर से इसके संकेत मिलने के बाद नारायण पवार ने ब्यावरा सीट पर प्रचार-प्रसार भी शुरू कर दिया है. यही कारण रहा कि स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में नारायण पवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. ब्यावरा में भी नारायण पवार का विरोध किया गया और अब यह विरोध भोपाल पहुंच गया है.
बीजेपी मुख्यालय से पहले ब्यावरा विधानसभा से आए स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस के बाहर हंगामा किया. इसके बाद जब पुलिस ने उन्हें वहां पर प्रदर्शन करने नहीं दिया तो सभी नेता बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए और वहां पर जमकर हंगामा किया.समझाने के बाद शांत हुआ मामला
हंगामा कर रहे बीजेपी कार्यकर्ता और नेताओं ने कार्यालय में मौजूद पदाधिकारियों को अपना ज्ञापन सौंपा और ब्यावरा सीट पर नये चेहरे को मौका देने की मांग की. उन्होंने नारायण पवार का विरोध किया.
इन नेताओं का कहना है कि नारायण पवार को यदि पार्टी टिकट देती है तो उसे हार का सामना करना पड़ेगा. नारायण पवार ब्यावरा सीट से हजारों वोटों से हारेंगे. उन्हें जनता पसंद नहीं करती है. उनके नाम पर भारी विरोध है.
हालांकि कार्यालय में मौजूद पदाधिकारियों के समझाने पर हंगामा करीब एक घंटे के बाद शांत हुआ. नेताओं के ये आश्वासन दिया गया कि उनकी बात सीएम और हाईकमान तक पहुंचाई जाएगी.
नारायण पवार पर फिर से दांव खेल सकती है बीजेपी
अभी ब्यावरा सीट पर बीजेपी ने प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया. लेकिन इस सीट पर पेच फंसा हुआ है. बीजेपी ने 25 सीटों के लिए नाम तैयार कर लिया है, लेकिन 3 सीटों पर अभी भी घमासान मचा हुआ है. ऐसे में पार्टी ब्यावरा समेत इन तीनों को होल्ड कर सकती है.
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पवार को टिकट मिलना तय है, क्योंकि वह संघ के कोटे से आते हैं. पिछली बार का हार की मार्जिन बहुत कम थी. इसलिए उन पर पार्टी दांव खेल सकती है. दावेदारों में वह सबसे ऊपर हैं.