इंदौर में भारतीय समयानुसार शाम 5.30 बजे बिचौली हप्सी में रेस शुरू होगी
भारत में होने जा रही इस यूनिक मैराथन को इंडियाज बैकयार्ड अल्ट्रा चैंपियनशिप नाम दिया गया है जो विश्व विजेता होगा वो बिग डॉग चैंपियन 2020 कहलाएगा,ये दौड़ 27 देशों में एकसाथ शुरू होगी इस दौड़ की अलग ही खासियत है आमतौर पर किसी दौड़ में वो विजेता होता है,जो सबसे पहले दौड़ खत्म करता है लेकिन इस दौड़ में जो सबसे देर तक दौड़ता रहेगा वहीं विश्व विजेता बनेगा
अकादमी ऑफ इंदौर मैराथनर्स के संरक्षक और बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि भारत में होने वाली रेस को इंडियाज बैकयार्ड अल्ट्रा चैंपियनशिप नाम दिया गया है. जो विश्व विजेता होगा वह बिग डॉग चैंपियन 2020 कहलाएगा.यह दौड़ 27 देशों में एकसाथ शुरू होगी.अमेरिका के टेनेसी में 17 अक्टूबर को सुबह सात बजे से दौड़ शुरू होगी.उसी समय इंदौर में भारतीय समयानुसार शाम 5.30 बजे बिचौली हप्सी में रेस शुरू होगी.इसके लिए 6.7 किमी का अलग रूट बनाया गया है.धावक को ये निर्धारित दूरी एक घंटे में पूरी करना है. दूसरी दौड़ शाम 6.30 बजे से जबकि तीसरी दौड़ शाम 7.30 बजे से शुरू होगी. संभावना है कि धावक करीब 40 से 50 घंटे तक दौड़ते रहेंगे इस तरह पूरी दौड़ में करीब दो से तीन दिन लगेंगे.
रात को भी जारी रहेगी दौड़
इस अनोखे आयोजन के आयोजक अभिषेक परवाल ने बताया कि रात को दौड़ने के लिए टॉर्च और हेड टॉर्च की व्यवस्था धावकों को खुद करना होगी. जबकि भोजन,पानी और सामान्य दवाओं की व्यवस्था आयोजन समिति करेगी.इसमें धावक के साथ एक अन्य व्यक्ति को रहने की सुविधा भी दी जाएगी. रेस के दौरान किसी भी तरह के प्लास्टिक डिस्पोजल और मादक पदार्थों का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा.लंबी दूरी के देश के दिग्गज धावक इस दौड़ में हिस्सा लेंगे.
कार्तिक जोशी भी होंगे शामिल
भारत में इस मैराथन में हिस्सा लेने के लिए धावक रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं. इस रेस में इंदौर के ही कार्तिक जोशी भी शामिल होंगे जो फरवरी 2020 में दिल्ली में हुई रेस में 39 घंटे तक दौड़ चुके हैं. इस रेस में उन्होंने कॉल 262.2 किलोमीटर की दूरी दौड़ते हुए तय की और पहले स्थान पर रहे थे