दमोह7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- लोगों की शिकायत पर पार्षद ने 3 बार इंजीनियर को अवगत कराया, सुधार कार्य नहीं हुआ तो कलेक्टर से की शिकायत
शहर के टंडन बगीचा गायत्री गेट वाली गली में छह दिन से पानी की पाइप लाइन फूटी होने से पानी की बर्बादी हो रही है। सुबह से पेयजल सप्लाई चालू होने पर फूटी पाइप लाइन से पानी बहना शुरू हो जाता है और सड़क नाली में पानी बह जाता है।
ऐसे में लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाने से पार्षद से शिकायत कर रहे हैं। इधर पार्षद द्वारा नगर पालिका इंजीनियर सहित पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी के अधिकारियों से लाइन में सुधार कार्य करवाने बोला गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। बुधवार को पार्षद अमर सिंह राजपूत ने कलेक्टर से भी शिकायत की। गायत्री गेट के अंदर मेडिकल के सामने से पीजी कालेज के पीछे वाली गली तक कुछ दिन पहले पानी की डिस्ट्रीब्यूशन लाइन बिछाई गई है और लोगों के घरों में नल कनेक्शन किए गए हैं। इस दौरान पुरानी लाइन फूट गई। और सुबह से पानी की सप्लाई होते ही लाइन से पानी की बर्बादी शुरू हो जाती है। रोज करीब 10 से 15 मिनट तक पानी व्यर्थ ही बह जाता है। जिन लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है वे पार्षद को समस्या हल कराने बोल रहे हैं। यहां पर 25 से 30 घरों में पानी नहीं पहुंच रहा था।
मैंने तीन बार बोला कोई सुनने वाला नहीं है: पार्षद
अमर सिंह का कहना है कि उनके वार्ड में नए नल कनेक्शन किए गए थे इस दौरान खुदाई में पानी की पुरानी पाइप लाइन फूट गई थी, जिसका सुधार नहीं कराया गया अब जब सुबह से नलों में पानी की सप्लाई होती है तो फूटी लाइन से पानी बर्बाद होता है और घरों तक नहीं पहुंचता है। बार बार लोग मुझसे शिकायत कर रहे हैं मैंने तीन बार नगर पालिका के इंजीनियर मेघ तिवारी और कंस्ट्रक्शन कंपनी के लोगाें से लाइन सुधरवाने बोला लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया तो आज कलेक्टर से शिकायत की है। इसके बाद शाम को इंजीनियर का फोन आया था कि कहां लाइन फूटी है। लेकिन शाम तक सुधार कार्य नहीं हुआ था।
सुधार कार्य करवाया जा रहा है
नगर पालिका के उपयंत्री मेघ तिवारी का कहना है कि जिस पाइप लाइन में लीकेज हुआ है वह 5 से 6 साल पुरानी है, कुछ दिन पहले उसमें लीकेज हुआ था, जिसमें सुधार कार्य करवाया जा रहा है।