पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस (Police) ने कहा-मृतक संतोष के शरीर पर पड़े निशान से ये पुष्टि हुई है कि उसके साथ मारपीट की गयी थी. आरोपियों पर 302 सहित अन्य धाराओं में मामलाा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार (Arrest) किया जा चुका है. एक आरोपी अभी फरार है.
दमोह के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंधी कैंप में एक मजदूर को बंधक बनाकर पीट पीट कर हत्या का मामला सामने आया है.बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 5:00 बजे दुकान मालिक पप्पू सिंधी ने अपनी दुकान पर काम करने के लिए संतोष विश्वकर्मा नाम के शख्स को बुलाया था. संतोष की उम्र करीब 40 साल थी और वो जटाशंकर कॉलोनी में रहता था. लेकिन आरोप है कि पप्पू सिंधी ने वहीं उसे बंधक बनाकर रख लिया और 4 लाख रुपए चोरी का आरोप लगाकर करीब तीन चार घंटे तक उसे मारापीटा.
दुकानदार पर आरोप
संतोष को बहुत घायल हालत में रात करीब 11:00 बजे पप्पू सिंधी ने छोड़ा. तब उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया. परिवार का कहना है अस्पताल में भी आरोपी पप्पू सिंधी और उसके अन्य साथियों ने संतोष विश्वकर्मा और परिवार के लोगों को धमकाया. उसने दबाव बनाया कि वो लोग अस्पताल स्टाफ को ये बताएं कि एक्सीडेंट हो गया है. जब संतोष शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाना पहुंचा तो आरोपी भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गया और धमकाते हुए कोतवाली में एक्सीडेंट की शिकायत दर्ज कराई. तब तक संतोष की हालत बिगड़ी चुकी थी. इसलिए उसे फिर से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां आज सुबह संतोष की मौत हो गयी.
पुलिस ने की पुष्टि
संतोष की मौत के बाद उसके भाई और पत्नी ने बताया कि पप्पू सिंधी ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की थी. उसी में संतोष की मौत हुई है. सिटी कोतवाली थाना प्रभारी एच आर पांडे ने भी इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा मृतक संतोष के शरीर पर पड़े निशान से ये पुष्टि हुई है कि उसके साथ मारपीट की गयी थी. आरोपियों पर 302 सहित अन्य धाराओं में मामलाा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. एक आरोपी अभी फरार है.