- Hindi News
- Local
- Mp
- Hoshangabad
- Durga Idols Will Have To Be Taken Permission, Procession Will Not Come Out, Five Chairs Were Placed On The Platform But Only Two Officials Came
होशंगाबाद17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
नवरात्र पर सार्वजनिक स्थलों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की लिखित अनुमति प्रशासन से लेनी होगी। ऐसे ही नियम बताने के लिए प्रशासन ने शनिवार की शाम उत्सव समितियों के पदधिकारियों की बैठक ऑडिटोरियम में बुलाई। आधे घंटे तक उत्सव पदाधिकारी अधिकारियों के आने का इंतजार करते रहे। मंच पर पांच कुर्सियां रखी गईं थीं पर अधिकारी सिर्फ दो ही आए। एक एसडीएम, दूसरे टीआई। एसडीएम मदन रघुवंशी ने कहा है कि जहां प्रतिमा स्थापना हो वहां की अनुमति प्रशासन से लेनी होगी। टीआई रामस्नेही चौहान की हिदायत है कि समिति के सदस्यों का ड्यूटी चार्ट बना लें। पंडाल में रात में दो सदस्य सोएंगे। उनके नाम व मोबाइल नंबर पोर्टल में डालने के लिए चाहिए। गश्त के समय रजिस्टर चेक करेंगे।
10 बजे तक साउंड बजाने की अनुमति
पर्व के दौरान किसी बात पर विवाद की स्थिति निर्मित न हो। ऐसे लोगों को रोकें जो पंडालों में दारू पीकर आ जाते हैं। पंडाल में कोई मोबाइल पर फ़िल्म न चलाए। गलत गतिविधि करते हुए कोई पाया गया तो कानूनी कार्रवाई होगी। रात 10 बजे तक धीमी आवाज में साउंड बजाने की अनुमति मिलेगी। एक सदस्य ने कहा पुलिस बीच में आरती बंद नहीं करवाएं। टीआई ने सलाह दी कि आरती शाम को कर लेनी चाहिए। डिस्टेंस बनाकर प्रसाद बांटे।
चल समारोह नहीं निकलेगा। तय स्थल पर मूर्ति विसर्जन होगा। मूर्ति विसर्जन के समय 10 लोगों की मौजूदगी रहेगी। जुलूस में डीजे की अनुमति नहीं देंगे। बाजे वाले जुलूस में नहीं चलेंगे। एक जगह खड़े होकर बाजे बजा सकते हैं। कुछ दिन पहले बाजे वाले अनुमति मांगने आए थे। अगर देवी स्थल पर जागरण करवाना है तो विशेष अनुमति लेनी होगी। गरबा नहीं होगा।
धार्मिक भावना में कोरोना के प्रति बेपरवाह नहीं रहें
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उत्सव समिति के पदाधिकारियों से साफ तौर पर कहा कि प्रतिमा स्थल पर कोरोना के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। धार्मिक भावना में कोरोना के प्रति बेपरवाह नहीं रहें। मास्क लगाकर रखें। सैनेटाइजर पंडाल में रखना है। यह ध्यान रखना है समिति का हर सदस्य सुरक्षित रहे। पंडाल के आसपास 100 से अधिक लोगों की भीड़ नहीं होनी चाहिए। जिनके घर मे कोई पाजिटिव हों वे पंडाल में न आएं। यह आप सब की जिम्मेदारी है। समिति सदस्यों ने सहमति दी कि यह काल कोरोना का है, मास्क लगाकर रखेंगे। टीआई चौहान बोले, 9 दिन देवीजी से प्रार्थना करो कि कोरोना का संहार हो जाए।
सवाल यह भी
- सवाल : कन्याभोज को लेकर क्या गाइड लाइन है?
- जवाब : भंडारे को लेकर गाइड लाइन नहीं आई पर संक्रमण का डर है। इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों से बात करेंगे। पैक किया सूखा मेवा प्रसाद में दिया जा सकता है।
- सवाल : रामलीला और रावण दहन पर क्या प्लान है?
- जवाब : रामलीला नहीं होगी। रावण दहन तो होगा। गांधी स्टेडियम में भारी भीड़ की आशंका पर एसडीएम ने सलाह दी – अगर मैदान में भीड़ होगी तो रावण दहन नहीं करो। गली-मोहल्लों में कर लो। मैदान पर भीड़ को घुसने की अनुमति नहीं देंगे। आयोजन समिति के मेंबर व विशेष लोग ही अंदर रहेंगे। टीआई ने कहा हम निगरानी करेंगे।