जबलपुर12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गोहलपुर थानांतर्गत कुचैनी परिसर निवासी वृद्ध दम्पति का भरोसा जीतकर युवक ने 24 लाख रुपये की ठगी कर ली। कुचैनी परिसर, दमोहनाका निवासी राजेन्द्र कुमार जैन, 71 वर्षीय ने थाने में लिखित शिकायत दी कि उसकी पत्नी स्व. सरिता जैन शासकीय सेवा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में कार्यरत थी, जिसकी कैंसर की बीमारी के कारण 8 मई को मृत्यु हो गयी।
संदीप कुमार सिंह उसके परिवार से वर्ष 2017 से जुड़ा था, जो उसकी पत्नी को मम्मी कहता था। संदीप ने सरिता की मनोदशा एवं दयालु व्यवहार का फायदा उठाकर अपनी परेशानी बताते हुए लगभग 24 लाख रुपये लिए थे। सरिता ने अपनी 9 लाख रुपये की जमा पूँजी सहित बाकी की रकम लोन लेकर व जेवर गिरवी रखकर दी थी।
जिसे संदीप ने जल्द लौटाने का वादा किया था, लेकिन बीमारी के इलाज के दौरान पैसों की जरूरत पड़ने पर संदीप रुपये देने में आनाकानी कर रहा था। दबाव बनाने पर उसने 11 मार्च काे एक्सिस बैंक की दमोहनाका शाखा का चेक दिया, जो कि बाउंस हो गया। अब पैसे माँगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।