जबलपुर14 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सस्ते उपकरणों को महँगे दामों पर सप्लाई करके सर्विस टैक्स की चोरी करने के लिए स्टेप कंपनी द्वारा कई छोटी फर्मों को जरिया बनाया जाता था। स्टेप कंपनी से जब्त फाइलों और दस्तावेजों की जाँच में इस तरह के कई और नए तथ्य स्टेट जीएसटी की एंटी इवेजन शाखा को मिले हैं। लिहाजा ऐसी सभी फर्में जीएसटी के राडार पर आ चुकी हैं। हालाँकि अभी तथ्यों को सबूतों में बदलने के लिए तकनीकी स्तर पर जाँच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई और रिकवरी होगी।
सूत्रों के अनुसार पूर्व क्षेत्र वितरण कंपनी की तरफ से भी वाणिज्यिक कर विभाग को स्टेप कंपनी के कामकाज से संबंधित दस्तावेज और जानकारियाँ भेज दी गईं हैं, जिसको लेकर जाँच दल ने मिलान का काम भी शुरू कर दिया है। आने वाले एक दो दिन में फिर से स्टेट जीएसटी बड़ी रिकवरी कर सकती है। उल्लेखनीय है कि स्टेप कंपनी के खिलाफ छापेमार कार्रवाई के बाद स्टेट जीएसटी द्वारा पिछले चार दिनों में दो करोड़ 61 लाख रुपये की वसूली की गई है।