नागदा14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर कहा- विभागीय अधिकारी काे स्थल निरीक्षण में नहीं मिले पुरातात्विक चिह्न
महाभारतकालीन नागदाह यज्ञ टेकरी काे संरक्षित राज्य स्मारक घाेषित करने से पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय मध्यप्रदेश ने इनकार कर दिया। यह जवाब ऐेतिहासिक धराेहर बचाओ आंदाेलन समिति संयाेजक बंटू बाेड़ाना द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत में विभाग ने दिया है। विभाग ने जवाब में कहा कि नागदा शहर के नागदाह टेकरी स्थल का विभागीय अधिकारी द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया।
यहां पुरातात्विक चिह्न मौजूद नहीं होने से इस स्थल को संरक्षित राज्य स्मारक घोषित नहीं किया जा सकता है। मामले में अब ऐतिहासिक धराेहर बचाओ आंदाेलन समिति द्वारा काेर्ट में जनहित याचिका लगाने की तैयारी कर रही है। बाेड़ाना ने बताया समिति वर्ष 2012 से टेकरी संरक्षण और राज्य स्मारक घाेषित कराने के लिए प्रयास कर रही है। कलेक्टर उज्जैन ने 6 अगस्त 2019 को पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय भोपाल को प्रस्ताव बनाकर भेजा था। पुरातत्व विभाग भोपाल द्वारा नागदाह टेकरी संरक्षण नहीं करने पर समिति द्वारा कार्रवाई नहीं करने की शिकायत की गई थी।
परमार करेंगे समिति की पैरवी
बोड़ाना ने बताया समिति का प्रथम उद्देश्य है, टेकरी का संरक्षण कराकर राज्य स्मारक घोषित कराना। इसे लेकर अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाईकोर्ट में जनहित याचिका एेतिहासिक धरोहर बचाओ आंदोलन समिति के माध्यम से दायर की जाएगी। इसकी पैरवी हाईकोर्ट इंदौर के अभिभाषक चंपालाल परमार करेंगे।