खरगोन13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- स्नान और पूजन करने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, बड़वाह व पुनासा मार्ग पर जाम में फंसे
शुक्रवार को अमावस्या होने पर ओंकारेश्वर व मोरटक्का में बड़ी संख्या में शहर सहित अन्य स्थानों से श्रद्धालु स्नान व पूजन के लिए पहुंचे लेकिन ओंकारेश्वर जाने वाले दोनों ही मार्ग जाम से पटे हुए मिले। करीब 3 घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहन चालकों ने वाहनों को धीमी गति से निकाला। पुलिस प्रशासन होने के बाद भी जाम की स्थिति बनी रही। जल्द निकलने की होड़ में बड़े वाहनों के आगे छोटे वाहन फंस गए। जिसके कारण जाम लंबा होता चला गया। अमावस्या होने पर इंदौर से आने वाले वाहन बड़वाह से लेकर मोरटक्का पुल तक जाम में फंसे रहे। वहीं शहर में खंडवा से आने वाले वाहन चालक पुनासा रोड स्थित रेलवे गेट पर फंस गए। शुक्रवार को पुनासा रोड रेलवे फाटक पर लंबा जाम लगा। जाम के दौरान रेलवे फाटक के दोनों ओर वाहनों की करीब 1 किमी लंबी कतार लग गई। यह करीब दो से तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण लोग गर्मी व पानी के लिए परेशान हुए। सूचना के बाद पुलिस दिन भर जाम को हटाने में लगी रही लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति को सुधारने में समय लगा। समाज सेवी जय करोड़ा ने बताया सनावद के पुनासा रोड स्थित रेलवे फाटक पर अकसर जाम लग जाता है। जिसमे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। प्रशासन भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। पिछले दिनों में जाम लगने के कारण इस मार्ग पर वाहन चालक परेशान होते नजर आए थे।
मार्ग सकरा व अव्यवस्थित वाहन निकालने से लगता है जाम
बड़वाह व पुनासा रोड पर पहले ही अतिक्रमण के कारण मार्ग सकरा है। साथ ही मार्ग पर न तो डिवाइडर है न ही वाहनों को अलग-अलग चलने के लिए रास्ते हैं। जिसके कारण कोई भी वाहन चालक किसी भी ओर वाहन चलाता है। जिसके कारण अन्य वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। जिससे यहां पर जाम की स्थिति बनती है। अगर वाहनों के आने जाने के अलग-अलग रास्ते कर दिए जाए तो जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगा।