शारजाह: चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने आईपीएल 2020 (IPL 2020) के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शनिवार को मैच गवांने के बाद कहा कि नाबाद शतकीय पारी खेलने वाले शिखर धवन (Shikhar Dhawan) का कैच कई बार टपकाना उनकी टीम को महंगा पड़ा. धवन की 58 गेंद में नाबाद 101 रन की पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 5 विकेट से हराया.
यह भी पढ़ें- जोफ्रा आर्चर ने उड़ाया विराट कोहली का मजाक, अनुष्का शर्मा भी हुईं ट्रोल
धोनी ने मैच के बाद अवॉर्ड सेरेमनी में कहा कि डेवोन ब्रावो (Dwayne Bravo) चोटिल होने के कारण मैदान से बाहर चले गये थे जिसकी वजह से आखिरी ओवर में रवींद्र जडेजा से गेंदबाजी करवनी पड़ी. धोनी ने कहा, ‘ब्रावो फिट नहीं थे, वह मैदान से बाहर गये और फिर वापस नहीं आये. मेरे पास जडेजा या फिर कर्ण शर्मा से गेंदबाजी कराने का विकल्प था. मैंने जडेजा को चुना.’
धोनी ने कहा, ‘शिखर का विकेट काफी अहम था लेकिन हमने कई बार उनका कैच टपका दिया. उन्होंने बल्लेबाजी करना जारी रखा और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी अच्छा था. दूसरी पारी में विकेट भी थोड़ा आसान था. हम लेकिन धवन से श्रेय वापस नहीं ले सकते है.’
धोनी ने कहा कि पिच के आसान होने के कारण स्थिति उनके लिये मुश्किल हो गई. उन्होंने कहा, ‘पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के 10 रन कम बने जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 10 रन ज्यादा बनाए.’’मैन ऑफ द मैच धवन’ ने कहा कि आईपीएल के 13 साल के इतिहास में पहली बार शतक लगाना शानदार रहा.
उन्होंने कहा, ‘ये बेहद ही खास है कि 13 साल से आईपीएल खेल रहा हूं और यह मेरी पहली शतकीय पारी है. मैं काफी खुश हूं. सीजन की शुरूआत से मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं लेकिन 20 रन के स्कोर को 50 रन में नहीं बदल पा रहा था. मैं मानसिक तौर पर सकारात्मक था, और रन बनाने की कोशिश कर रहा था. मैं अब पहले से ज्यादा फिट हूं. मैं तेज दौड़ रहा हूं और तारोताजा महसूस कर रहा हूं.’
दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि उन्हें पता था कि अगर धवन आखिर तक क्रीज पर रहे तो टीम जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा, ‘मैं ड्रेसिंग रूम में बैठा था और नर्वस था. मुझे पता था कि अगर धवन आखिर तक क्रीज पर रहेंगे तो हम जीतेंगे.’ उन्होंने आखिरी ओवर में 3 छक्के लगाने वाले अक्षर पटेल की तारीफ की.
अय्यर ने कहा, ‘अक्षर ने जिस तरह से मैदान पर उतरने के बाद तीन छक्के लगाये वो शानदार था. हम जब ड्रेसिंग रूम ‘मैन ऑफ द मैच’ देंगे तो यह खिताब उन्हें ही मिलेगा.’ अक्षर ने पांच गेंद में 3 छक्को की मदद से नाबाद 21 रन बनाने के अलावा किफायती गेंदबाजी भी की थी. उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 23 रन दिए.
(इनपुट-भाषा)