अबु धाबी: एक ही तरह के हालात का सामना कर रहे चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबले में जब आज आमने सामने होंगे तो दोनों टीमों को पता होगा कि इस मैच में हार उनकी प्ले ऑफ में जगह बनाने की रही सही उम्मीद भी तोड़ सकती है. सुपरकिंग्स और रॉयल्स दोनों मौजूदा सीजव में अब तक उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रहे हैं और 8 टीमों के प्वॉइंट टेबल में क्रमश: छठे और 7वें स्थान पर चल रहे हैं.
दोनों ही टीमों के नौ मैचों में 6 अंक हैं लेकिन सुपरकिंग्स की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण छठे स्थान पर है. दोनों ही टीमों को अब 5-5 मैच और खेलने हैं और ऐसे में दोनों ही टीमों की राह आसान नहीं होने वाली क्योंकि उन्हें पता है कि यहां से वे एक और हार झेलने की स्थिति में नहीं हैं. दोनों ही टीमों ने शनिवार को अपने पिछले मुकाबले गंवाए हैं. महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाले सुपरकिंग्स को शीर्ष पर चल रहे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 5 विकेट से हार झेलनी पड़ी जबकि राजस्थान रॉयल्स को आरसीबी ने हराया.
चेन्नई सुपरकिंग्स
सुपरकिंग्स को इस मैच के दौरान बड़ा झटका लगा जब उसके स्टार ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ग्रोइन की चोट के कारण कम से कम कुछ दिन के लिए टूर्नामेंट से बाहर हो गए. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत से अपने अभियान को पटरी पर लाने वाले सुपरकिंग्स को खराब फील्डिंग और शिखर धवन की 101 रन की पारी के कारण दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी.
धवन ने कई जीवनदान का फायदा उठाते हुए आईपीएल में अपना पहला शतक जड़ा जबकि अक्षर पटेल ने रविंद्र जडेजा के मैच के अंतिम ओवर में 3 छक्के जड़कर दिल्ली की टीम को जीत दिलाई सुपरकिंग्स की फील्डिंग काफी खराब रही. उसके फील्डर्स ने 25 और 79 रन के स्कोर पर धवन को जीवनदान दिए जबकि इसके अलावा एक मुश्किल कैच और एक रन आउट करने का मौका भी गंवाया.
चेन्नई सुपरकिंग्स संभावित प्लेइंग XI: सैम कुरेन, फाफ डुप्लेसी, शेन वॉटसन, अंबाती रायडू, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, पीयूष चावला, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, कर्ण शर्मा, लुंगी एंनगिडी.
चेन्नई सुपरकिंग्स की पूरी टीम: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), मुरली विजय, अंबाती रायुडू, फाफ डु प्लेसिस, शेन वाटसन, केदार जाधव, ड्वेन ब्रावो, रविंद्र जडेजा, लुंगी एनगिडी, दीपक चाहर, पीयूष चावला, इमरान ताहिर, मिशेल सेंटनर, जोश हेजलवुड, शारदुल ठाकुर, सैम कुरेन, एन जगदीशन, केएम आसिफ, मोनू कुमार, आर साई किशोर, ऋतुराज गायकवाड़ और कर्ण शर्मा.
राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स की हालत भी काफी खराब है. टीम के लिए हालांकि कप्तान स्टीव स्मिथ की फॉर्म में वापसी अच्छी खबर है जिन्होंने शनिवार को 57 रन की पारी खेली. टीम से देर से जुड़ने वाले स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं जबकि जोस बटलर की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी है.
संजू सैमसन अपनी शुरुआती फॉर्म को दोहराने में नाकाम रहे हैं जबकि ऐसा लगता है कि रॉबिन उथप्पा ने फॉर्म हासिल कर ली है. उथप्पा ने बेंगलोर के खिलाफ 22 गेंद में 41 रन की पारी खेली थी. जोफ्रा आर्चर की अगुआई वाला टीम का गेंदबाजी आक्रमण हालांकि बैंगलोर के खिलाफ मामूली सा लगा था.
राजस्थान रॉयल्स संभावित प्लेइंग XI: रॉबिन उथप्पा, बेन स्टोक्स, संजू सैमसन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), रियान पराग, राहुल तेवतिया, श्रेयस गोपाल, जोफ्रा आर्चर, वरुण आरोन, कार्तिक त्यागी.
राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम: जोस बटलर, बेन स्टोक्स, संजू सैमसन, एंड्रयू टाई, कार्तिक त्यागी, स्टीव स्मिथ (कप्तान), अंकित राजपूत, श्रेयस गोपाल, राहुल तेवतिया, जयदेव उनादकट, मयंक मारकंडेय, महिपाल लोमरोर, ओशेन थॉमस, रियान पराग, यशस्वी जायसवाल, अनुज रावत, आकाश सिंह, डेविड मिलर, मनन वोहरा, शशांक सिंह, वरुण आरोन, टॉम कुरेन, रॉबिन उथप्पा, अनिरुद्ध जोशी और जोफ्रा आर्चर.
टॉस का वक्त: भारतीय समयनुसार आज शाम 7:00 बजे
मैच शुरु होने का वक्त: भारतीय समयनुसार आज शाम 7:30 बजे
मैदान: शेख जायेद स्टेडियम, अबु धाबी
(इनपुट-भाषा)