- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Bhind
- The Team Arrived To Check The Quality Of CC Road, Broken Out Of Two Samples; Engineer Said Due To Lack Of Quality, Such A Situation Is Created
भिंड21 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
भिंड। बजरिया बाजार रोड की सैंपल लेते हुए नगर पालिका की टीम।
- नगर पालिका की टीम ने बजरिया बाजार और मंशापूर्ण हनुमान मंदिर रोड की सैंपलिंग की, कोरकटिंग में सैंपल टूटे निकलने से गुणवत्ता पर उठे सवाल
शहर में बजरिया बाजार एवं मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर बनवाई जा रही सीमेंट- कांक्रीट रोड की गुणवत्ता जांचने के लिए नगर पालिका की टीम द्वारा सैंपलिंग की गई। दो जगह कोरकटिंग किए जाने पर सैंपल टूटे निकलने पर अन्य जगह सैंपलिंग की गई। सैंपल टूटे निकलने काे लेकर इंजीनियर का कहना था कि ऐसी स्थिति कम दिन में सैंपल लिए जाने और गुणवत्ता में कोर कसर रह जाने पर बनती है। सैंपल को जांच के लिए लैब भिजवाया जाएगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर अगर काम चल रहा है ताे सुधार कराया जाता है और अगर काम पूरा हो गया है तो उसी के अनुरूप भुगतान किया जाता है।
यहां बता दें शहर में गांधी मार्केट- बजरिया- किला मोड़ तक 820 मीटर लंबी और 23 फीट चौड़ी सीसी रोड का निर्माण 60 लाख 47 हजार 390 रुपए की लागत से कराया जा रहा है। नगर पालिका की टीम इंजीनियर विकास महतो के नेतृत्व में सबसे पहले बजरिया में पहुंची। पहले सरकारी इमाम बाड़ा रोड के सामने से दो सैंपल लिए गए। यह दोनों टूट गए। इसके बाद बड़े पट्टे के सामने से सैंपल लिया गया। इसके ठीक अवस्था में निकलने पर रख लिया गया।
इसके बाद जैन मंदिर के पास से सैंपलिंग की गई। सैंपल लिए जाने में सही न निकलने को लेकर इंजीनियर का कहना है कि कभी- कभी 14 दिन से पहले सैंपल लिए जाने पर ऐसी स्थिति बन जाती है। लैब टेस्टिंग रिपोर्ट को आधार मानकर कार्रवाई का निर्धारण किया जाता है। शहर में इटावा रोड- मंशापूर्ण हनुमान मंदिर- कॉटनजीन कॉलोनी- अटेर रोड तक 52 लाख रुपए की लागत से 450 मीटर लंबी और 22 फीट चौड़ी सीसी रोड व नाला का निर्माण कराया जा रहा है। टीम में इंजीनियर महतो, विक्रम सोनी और अविनाश चौहान भी साथ रहे।
दीपावली से पहले पूरा कराया जाना है सड़क का निर्माण कार्य
बहुप्रतीक्षित बजरिया बाजार सीसी रोड निर्माण दीपावली के त्योहार के पहले पूरा कराया जाना है। इसके लिए विधायक संजीव सिंह कुशवाह द्वारा इस रोड के शुभारंभ अवसर पर ही संबंधित अधिकारी और ठेकेदार को निर्देश दिए थे। जिस गति से कार्य चल रहा है उससे लगता है निर्धारित अवधि से पहले ही काम पूरा हो जाएगा। इससे साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात भी स्पष्ट तौर कही गई थी। अब सैंपल रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा गुणवत्ता में कोई कमीबेशी है या नहीं। इन दिनों बजरिया बाजार के कारोबारी जरूर त्योहार से पहले रोड निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद होने से खुश नजर आ रहे हैं।