जबलपुर11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करती पुलिस
धनवंतरी नगर निवासी व्यवसायी मुकेश लांबा के 13 वर्षीय बेटे आदित्य लांबा की अपहरण के बाद हुई हत्या के विरोध में सोमवार को युवक कांग्रेस ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में यूपी-बिहार की तर्ज पर अपहरण और फिरौती का व्यवसाय तेजी से पनप रहा है।
अपराधियों के हौसले बुलंदी पर हैं, जिसके कारण महिलाएँ और बच्चों में असुरक्षा का भाव है। छेड़छाड़, बलात्कार, लूट, हत्या के साथ अपहरण और फिरौती की वारदातों में लिप्त अपराधियों को भाजपा नेताओं ने खुली छूट दे रखी है। प्रदर्शन के दौरान मृत बच्चे आदित्य को युकां कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शन में शशांक दुबे, रघु तिवारी, अस्सू खान, रिजवान अली, राजेश यादव, अमित सोनकर, राहुल बघेल व अन्य मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुछ युकां कार्यकर्ता सीएसपी कोतवाली दीपक मिश्रा के करीब पहुँच गए और दोनों तरफ से कुछ बातचीत होने के बाद झड़प शुरू हो गई। सीएसपी मिश्रा का कहना था कि उन्होंने युकां कार्यकर्ताओं को नियम के तहत प्रदर्शन करने के लिए कहा था, लेकिन वे लोग बेवजह उनसे उलझ पड़े।
वहीं युकां कार्यकर्ताओं का कहना था कि सीएसपी मिश्रा ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने पर हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी दी थी, जिसके कारण कार्यकर्ता आक्रोशित हुए थे। झड़प के बाद पुलिस ने 47 युकां कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।