दुबई: आईपीएल 2020 (IPL 2020) में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने अपने बल्ले से धमाल मचा रखा है. बेहतरीन बैटिंग फॉर्म को जारी रखते हुए धवन ने मंगलवार को किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के खिलाफ नाबाद शतकीय पारी खेली.
पिछले दो मैचों में गब्बर के बल्ले से यह दूसरा लगातार शतक निकला है. इस सैंकड़े के साथ शिखर धवन ने इंडियन प्रीमियर लीग में इतिहास रचते हुए बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है. हालांकि धवन की शतकीय पारी के बावजूद दिल्ली की टीम पंजाब के सामने मुकाबले को 5 विकेट से हार बैठी.
आईपीएल में दो लगातार शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी
गौरतलब है कि आईपीएल 13 (IPL 13) में शिखर धवन ने अब विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करने का शौक बना लिया है. जिसके तहत उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब (Kings Eleven Punjab) के खिलाफ नाबाद रहते हुए 61 गेंदों में 12 चौके और 3 छ्क्कों की मदद से 106* रनों की तूफानी पारी खेली. इसके साथ ही धवन आईपीएल के दो मैचों में लगातार दो शतक लगाने वाले इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले धवन ने दिल्ली के पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के विरुद्ध नाबाद 101 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी.
Back to back 100s for @SDhawan25
He is the first player to have consecutive centuries in IPL.Take a bow, Gabbar #Dream11IPL pic.twitter.com/yNlWGTni0Y
— IndianPremierLeague (@IPL) October 20, 2020
धवन ने बनाया सर्वश्रेष्ठ बैटिंग स्कोर
इस शतकीय पारी के साथ दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के ओपनर शिखर धवन ने एक मैच पहले बने खुद के 101* रनों के बेस्ट स्कोर को तोड़ दिया है. जिसके तहत अब आईपीएल में गब्बर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 106 रनों का हो गया है.
IPL में 5 हजारी बने शिखर धवन
इस कमाल की शतकीय पारी के साथ शिखर धवन ने पंजाब के सामने खेलते हुए अपने आईपीएल करियर में 5 हजार रनों का आंकड़ा पार कर लिया है. इस मैच से पहले आईपीएल में 5 हजारी बनने के लिए धवन को 62 रनों की दरकार थी, जिसे गब्बर ने शानदार अंदाज में हासिल किया है.
5000* runs for @SDhawan25 in IPL.
He is the 5th player to reach the milestone and 4th Indian to achieve this feat.#Dream11IPL pic.twitter.com/ZOm1ix6ORm
— IndianPremierLeague (@IPL) October 20, 2020
डेविड वार्नर को गब्बर ने छोड़ा पीछे
दरअसल आईपीएल में 5000 हजार बनाने के वाले शिखर धवन पांचवे खिलाड़ी हैं. वहीं बतौर भारतीय ऐसा करने वाले धवन चौथे बल्लेबाज हैं. हाल ही में इस टूर्नामेंट में सबसे तेज 5 हजारी बने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान डेविड वार्नर (David Warner) को धवन ने आईपीएल में सबसे अधिक रनों के मामले में पीछे छोड़ दिया है. इस सैंकडे़ के साथ गब्बर ने अब 5044 रन के साथ चौथे पायदान पर आ गए हैं. तो वहीं वार्नर 5037 रनों के साथ पांचवे पायदान पर चले गए हैं.