बैतूल16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- जिले में पहली बार एटीएम से नोट चोरी की ऐसी कोशिश
आँर्डनेंस फैक्टरी के रहवासी क्षेत्र आयुधनगर की सुरक्षा में सेंध लगाकर चाेराें ने गैस कटर से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम मशीन काटकर रुपए चुराने की काेशिश की। एटीएम मशीन में आग लगी तो चोर भाग निकले। मशीन में रखे 10 लाख के नाेट जल गए। गैस कटर से एटीएम मशीन में चाेरी की जिले में यह पहली वारदात है। पथरौटा पुलिस के मुताबिक वारदात मंगलवार 20 अक्टूबर की रात 8 बजे के बाद से बुधवार 21 अक्टूबर की सुबह होने तक के बीच की है। बैंक मैनेजर पीयूष पांडे की शिकायत पर बुधवार शाम को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल पर पुलिस को वेल्डिंग कटर में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, माचिस की तीली, एक हाथ का ग्लव्स और तौलिया मिला है। सेंट्रल बैंक के मैनेजर पीयूष पांडे ने पुलिस को बताया, एटीएम में लगभग 10 लाख रुपए थे। सोमवार को ही इस एटीएम में 5 लाख रुपए के नोट भरे गए थे। पांच लाख रुपए के नोट पहले से थे। एटीएम मशीन सहित पूरे नोट जल गए। पुलिस जब पहुंची तो 500-500 के नोट गेट तक बिखरे थे।
नहीं था सिक्याेरिटी गार्ड, बैंक बंद हाेने के बाद से था सूना
इटारसी एसडीओपी महेंद्र मालवीय ने बताया आयुधनगर में बैंक और एटीएम में कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं होना सुरक्षा व्यवस्था में चूक है। बैंक और एटीएम के आसपास पब्लिक और आवासीय एरिया भी नहीं है। यहां सिक्योरिटी गार्ड नहीं होने से पुलिस ने नोटिस भी दिया था। बैंक मैनेजर से पता चला कि मंगलवार शाम 5.30 बजे बैंक बंद हुआ। बुधवार सुबह 9.30 बजे प्यून ने एटीएम देखा। इस बीच 15-16 घंटे तक कोई देखने वाला नहीं था।
सीसीटीवी फुटेज नहीं दे पाया बैंक प्रबंधन
आयुधनगर जैसे संवेदनशील स्थल के बैंक एटीएम में हुई इस वारदात ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पथरौटा थाना प्रभारी प्रज्ञा शर्मा ने कहा इसके लिए बैंक के भोपाल कंट्रोल रूम को ई-मेल किया गया है। एटीएम का रखरखाव निजी एजेंसी के पास होने से बैंक प्रबंधन दिन-भर में सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस को उपलब्ध नहीं करवा पाया। गुरुवार सुबह कंपनी के तकनीकी एक्सपर्ट आकर कैमरे के फुटेज निकालेंगे, तब जांच आगे बढ़ेगी।
पुलिस काे केवल यहां से मिल सकते हैं सुराग
{बैंक के बाहर स्थित एटीएम मशीन काे चाेराें ने गैस कटर से काटा। बैंक और एटीएम केबिन के बाहर लगे सीसीटीवी के अलावा गैस कटर मशीन, सिलेंडर वालाें से सुराग मिल सकता है।
{ वारदात के पहले चाेराें ने पूरी रैकी की होगी। तभी इतनी प्लानिंग से अंजाम दिया गया। आसपास के लाेगाें और दुकानदाराें से भी चाेराें के हुलिया की जानकारी लग सकती है।
चोरों ने डीवीआर कनेक्शन या अलार्म सिस्टम काटा
^एक माह पहले ही हमने ब्रांच ज्वाइन की है। चूंकि ऑर्डनेंस फैक्टरी का रहवासी क्षेत्र होने से इसे बैंक प्रबंधन ने सुरक्षित माना और सिक्योरिटी गार्ड नहीं रखा। जहां तक एटीएम के सीसीटीवी फुटेज की बात है ऑनसाइट होने पर भी हम उपलब्ध नहीं करवा सकते क्योंकि ऑनलाइन होता है और सेंट्रल ऑफिस मुंबई से माॅनिटरिंग व रिकॉर्डिंग (डीवीआर) होती है। वारदात के समय चोरों ने इसके कनेक्शन या अलार्म सिस्टम को काटा, गुरुवार को मेंटेनेंस एजेंसी के एक्सपर्ट आने पर इसका पता चलेगा।
-पीयूष पांडेय, ब्रांच मैनेजर सेंट्रल बैंक आयुध नगर शाखा
वॉलेट तोड़ने की कोशिश करते हैं पर सक्सेस नहीं हुए
^इटारसी ऑर्डनेंस फैक्टरी की रहवासी कॉलोनी आयुधनगर में सेंट्रल बैंक का एटीएम हमारी कंपनी के रखरखाव क्षेत्र में आता है। हम ही रखरखाव व नोट लोड करते हैं। यहां बीती रात गैस कटर से एटीएम के वॉलेट को काटने की कोशिश की गई, जिसमें नोट रखे जाते हैं। 3 लाख रु. कीमत वाले एटीएम के अलावा इसमें रखे 10 लाख 4 हजार रु. के नोट जल गए। चोर एटीएम का वॉलेट तोड़ने की कोशिश करते हैं पर इसके हैवी होने से सक्सेस नहीं होते। यह होशंगाबाद जिले में पहली वारदात है। एफआईआर बैंक प्रबंधन ने की है। इसलिए फुटेज की लिंक बैंक ही मुहैया करवा सकता है। -मुकेश मालवीय, क्षेत्रीय प्रबंधक मप्र-छग, फाइनेंशियल सॉफ्टवेयर एंड सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड