भिंड18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फुटपाथ से सामान हटाने के कहने पर सीएमओ से अकड़ता दुकानदार।
- सदर बाजार से हाथठेला वालों को हटाने और फुटपाथ खाली कराने में नपा का छूट रहा पसीना
बुधवार की सुबह नगर पालिका सीएमओ सुरेंद्र शर्मा सदर बाजार में डिवाइडर के दोनों तरफ लगने वाले हाथ ठेला और फुटपाथ दुकानदारों का सामान हटवाने पहुंचे। इस दौरान व्यापारियों और सीएमओ के बीच तीखी बहस हो गई। एक व्यापारी ने सीएमओ से यहां तक बोल दिया कि ठेला वाले क्या आपके रिश्तेदार लगते हैं। जो फुटपाथ खाली कराने आ जाते हो। इस पर सीएमओ ने सीधा जवाब दिया कि फुटपाथ पर कोई सामान नहीं रखा जाएगा। उसे खाली छोड़ना होगा। इसके करीब तीन घंटे बाद सीएमओ दोपहर डेढ़ बजे सीएसपी आनंद राय, तहसीलदार, ट्रैफिक प्रभारी रणजीत सिंह, सूबेदार आदित्य मिश्रा के साथ दल-बल लेकर पुनः सदर बाजार पहुंचे तो आनन फानन में व्यापारियों ने जहां तत्काल फुटपाथ खाली कर दिया। वहीं ठेला वाले भी गलियों में भाग गए।
दरअसल शहर के मुख्य सदर बाजार डिवाइडर के दोनों ओर हाथ ठेला वाले खड़े होने तथा दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर सामान रखे जाने से यहां दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित होती है।
व्यापारी बोला- जमीन की रजिस्ट्री है हमारे पास, सीएमओ ने कहा- फुटपाथ सरकारी
व्यापारियों और सीएमओ के बीच हुई बहस के दौरान व्यापारियों ने तर्क दिया कि सदर बाजार में कोई फुटपाथ नहीं है, जितने हिस्से में वे दुकान सजा रहे हैं, उसकी रजिस्ट्री उनके पास है। इस पर सीएमओ बोले सदर बाजार में सात से 12 फीट तक सरकारी फुटपाथ है। इसके आगे वे कुछ नहीं जानते और न ही इस पर बहस करना चाहते हैं। जल्द ही सदर बाजार की नाली फुटपाथ के अंदर बनाई जाएगी। यहां बता दें कि सदर बाजार में फुटपाथ को लेकर सालों से नगरपालिका और सदर बाजार के व्यापारियों के बीच लड़ाई चली आ रही है। नगरपालिका कई बार सदर बाजार के फुटपाथ पर पक्के अतिक्रमण भी तोड़ चुकी है।
हॉकर्स जोन में जगह हथिया ली, फिर भी हाथ ठेला सदर बाजार में ही लगा रहे
नपा के लिए सदर बाजार में व्यापारियों से फुटपाथ खाली कराने से ज्यादा सिर दर्द हाथ ठेला वाले साबित हो रहे हैं। नगरपालिका इन ठेला वालों को यहां से स्थानांतरित करने के लिए शहर में लाखों रुपए की लागत से तीन नए हॉकर्स जोन बना चुकी है। लेकिन हाथठेला वाले उन हॉकर्स जोन में शिफ्ट नहीं हो रहे हैं। पिछले महीनों नगरपालिका ने अग्रसेन चौराहा से राज टॉकीज रोड तक नया हॉकर्स जोन बनाया। साथ ही उसमें 216 ठेला वालों को बाकायदा स्थान भी आवंटित किए। लेकिन ठेला वालों स्थान तो अपने नाम आवंटित करा लिए पर उनमें गए नहीं। वे ठेला सदर बाजार में ही लगा रहे हैं।
त्योहार पर ट्रैफिक जाम से निपटना सबसे बड़ी चुनौती
बताना होगा की सदर बाजार शहर का मुख्य बाजार है। खरीदारी के लिए यहीं सबसे ज्यादा लोग पहुंचते हैं। दीपावली त्योहार पर बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के बाद तो लोगों का इस बाजार से गुजरना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में नगरपालिका प्रशासन को सदर बाजार से हाथठेला हटाना और फुटपाथ खाली कराना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। क्योंकि न तो व्यापारी मानने को तैयार हो रहे और न ही हाथठेला वाले।
टीम के पीठ फेरते ही हो जाते हैं पहले जैसे हालात
सदर बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भिंड एसडीएम यूएस सिकरवार ने नगरपालिका को कड़े आदेश दिए हैं। इसके तहत नगरपालिका सीएमओ बाजार का फुटपाथ खाली कराने और हाथ ठेला वालों को हटाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। लेकिन स्थिति यह है कि जैसे ही अफसर सदर बाजार में पहुंचते हैं तो फुटपाथ सहित बाजार की सड़कें खाली हो जाती है। वहीं उनके पीठ फेरते ही फिर पहले जैसे हालात निर्मित हो जाते हैं।