पन्नाएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
शव को पीएम के लिए जाते समय रोती हुई महिलाएं
- पति को जगाकर वारदात की जानकारी दी
- आरोपी महिला खुद पर देवी सवार होने का करती है दावा
पन्ना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोनी में एक मां ने आधी रात को घर में सो रहे अपने ही 24 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से गर्दन काट कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त रक्त रंजित कुल्हाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी अरुण सोनी ने बताया कि कोनी गांव में बीती रात द्वारका प्रसाद लोधी पिता बहोरी लाल लोधी 24 वर्ष खाना खाने के बाद अपने घर में सो गया था। उसका पिता घर के बाहर की तरफ सोया हुआ था। जबकि परिवार के अन्य सदस्य पड़ोस में विराजी देवी प्रतिमा के रात्रि जागरण में शामिल होने गए हुए थे।
इस बीच रात करीब ढाई बजे सुनिया बाई ने गहरी नींद में सोए अपने बड़े बेटे द्वारिका प्रसाद लोधी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बेटे की हत्या करने के बाद सुनिया बाई अपने पति बहोरी लाल के पास गई और उसे जगाकर घटना की जानकारी दी।
पिता बहोरी लाल ने अपने बेटे को रक्त रंजित देखा तो रोने लगा। हो हल्ला सुनकर परिजन आ गए। सूचना मिलते ही एसपी पन्ना मयंक अवस्थी, टीआई कोतवाली पन्ना अरूण सोनी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और हत्यारोपी मां सुनिया बाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव पीएम कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया।
अक्सर किसी की जान लेने की बात करती थी महिला
थाना प्रभारी अरुण सोनी ने बताया कि परिजनों एवं पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी महिला सुनिया बाई पिछले कुछ सालों से खुद पर देवी सवार हाेने की बात कहती है। पता चला है कि वह अक्सर किसी की जान लेने, बलि चढ़ाने की बात किया करती थी। उसकी मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। इस कारण परिजनाें ने मानसिक इलाज भी कराया था।
अविवाहित था युवक
मृतक द्वारिका अपने माता-पिता की 3 संतानों में दूसरे नंबर का था। आरोपी सुनिया बाई की सबसे बड़ी पुत्री मिथलेश है जिसकी शादी हो गई है। द्वारिका दूसरे नंबर की संतान था, उससे छोटा बेटा 20 वर्षीय रक्कू है।