अबू धाबी: आईपीएल 2020 (IPL 2020) के 45वें मैच में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम को राजस्थान रॉयल्स के हाथों 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा है. इस सीजन गतविजेता मुंबई की यह चौथी हार है. अगर यह मुकाबला एम आई जीतती तो वह इस टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन जाती.
हालांकि अब मुंबई को आने वाले मुकाबलों का इंतजार करना पडे़गा. इस बीच हम आपको बताने जा रहे हैं, राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ आखिर किन 5 बड़े कारणों की वजह से मुंबई इंडियंस को मात खानी पड़ी.
नहीं चला डीकॉक का बल्ला
मुंबई इंडियंस (MI) के ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक पिछले कई मुकाबलों से टीम को जीत दिलाते आ रहे थे. लेकिन इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ डीकॉक कुछ खास न कर सके और 6 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए.
सूर्यकुमार-पोलार्ड का एक ही ओवर में आउट होना
एम आई के सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और कप्तान कीरोन पोलार्ड इस मुकाबले में काफी अहम मौके पर आउट हुए. दरअसल मुंबई की पारी के 13वें ओवर के दौरान यादव और पोलार्ड को रॉयल्स के फिरकी गेंदबाज श्रेयस गोपाल ने मजह 4 गेंदों के अंदर समेट दिया.
बेन स्टोक्स को दिया जीवनदान
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने इस मैच में नाबाद 107 रनों की पारी खेलकर मुंबई इंडियंस को मात दी. लेकिन जब स्टोक्स 26 रन के स्कोर पर खेल रहे थे, तब मुंबई के बेहतरीन फील्डर में से एक हार्दिक पांड्या ने क्रुणाला पांड्या की गेंद पर उनका कैच छोड़कर जीवनदान दिया.
जल्दी विकेट मिलने के बाद वापसी नहीं कर सकी मुंबई
मुंबई इंडियंस ने इस मैच में 196 रनों के स्कोर को बचाते हुए बेहतरीन शुरुआत की थी और रॉयल्स के पहले दो विकेट 44 रनों पर गिरा दिए. लेकिन बाद मुंबई के बॉलर्स कोई भी विकेट झटकने में नाकाम रहे.
खराब रही गेंदबाजी
राजस्थान के दो विकेट जल्द चटकाने के बाद मुंबई इंडियंस का गेंदबाजी आक्रमण बेहद खराब रहा. विकेट न मिलने के साथ-साथ टीम के बॉलर्स ने काफी तेजी गति से रन भी लुटाए. जिसका आलम यह रहा कि एम आई की टीम ने 18.2 ओवर में ही मैच को 8 विकेट से गंवा दिया.