भिंड15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शहर के सदर बाजार में ट्रैफिक जाम में फंसे लोग।
- सड़कों पर आवारा पशुओं का जमावड़ा भी यातायात में बन रहा बाधक
इन दिनों शहर की फिजा बुरी तरह से बिगड़ी हुई है। खुदी हुई सड़कों पर दिन रात धूल उड़ रही है वहीं सड़कों के उबड़ खाबड़ होने से जाम के हालात बन रहे हैं। यातायात व्यवस्था गड़बड़ाने से हर कोई बेहाल नजर रहा है। त्योहारी सीजन में भीड़ बढ़ने लगी है इस कारण दिन में कई बार जाम के हालात बन रहे हैं। सवारी वाहनों में ऑटो और टमटम के अलावा दुपहिया वाहन चालकों को भी अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों के बेतरतीब खड़े कर दिए जाने से भी यातायात व्यवस्था गड़बड़ा रही है। यहां बता दें शहर में इन दिनों एक ओर सीवर लाइन और दूसरी ओर आरओ वाटर लाइन डाले जाने का काम चल रहा है।
इसको लेकर कराई गई खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत न कराए जाने से हालात खराब हो रहे हैं। जिन स्थानों पर मरम्मत कराई भी गई है उसकी गुणवत्ता इतनी खराब है कि कुछ दिन बाद ही गिट्टी उखड़ने लगी है। नगर पालिका द्वारा मिट्टी कम से कम उड़े इसके लिए शाम के वक्त सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है। पिछले दिनों में सदर बाजार में हाथ ठेला हटवाने एवं फुटपाथ खाली कराने के लिए चलाई गई मुहिम के बाद हालात मामूली तौर पर बदले हैं पर यह भी खोदी गई सड़कों की मरम्मत ठीक प्रकार से न कराए जाने से आवागमन करने में समस्या बनी हुई है। इन दिनों सर्वाधिक खराब हालात लश्कर रोड और इटावा रोड पर बने हुए हैं।
इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस के सूबेदार आदित्य मिश्रा का कहना है कि यह बात सही है कि त्योहारी सीजन आ गया है और सड़कें खस्ताहाल हैं। इस कारण यातायात में भी अवरोध उत्पन्न हो रहा है। इसके बाद भी यातायात सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए तैनात जवानों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है। त्योहार पर लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
आवारा पशुओं से भी बिगड़ रहे हालात
बिगड़ी यातायात व्यवस्था में स्वछंद पशुओं का विचरण भी बड़ा कारण है। बाजार में स्वछंद विचरण करने वाले पशु कभी भी कहीं भी बैठ जाते है। जिससे राहगीरों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्वछंद पशुओं की आपस में कई बार भिड़ंत भी हो जाती है जिससे वाहनों के नुकसान के साथ कई बार स्थानीय लोगों को भी चोट भी लग चुकी है।
पार्किंग नहीं हाेने से भी बढ़ी परेशानी
बिगड़ी यातायात व्यवस्था से सबसे ज्यादा व्यवसायी परेशान है। पार्किंग न होने से दुकानों के आगे वाहन खड़े कर दिए जाते है। कई बार बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण दुकान तक पहुंचना भी मुश्किल होता है। जिससे दुकान तक ग्राहक के नहीं पहुंचने पर दुकानदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार वाहनों के पीछे लोगों के बीच कहासुनी तक हो जाती है।