इंदौर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जनता क्वार्टर पानी की टंकी के पास से पुलिस ने दोनों का जुलूस निकाला।
जनता क्वार्टर स्थित पानी की टंकी के पास युवक को दो बदमाशों ने रोका। शराब के पैसे मांगे। नहीं देने पर उसे चाकू घोंप दिया। और भाग निकले। पुलिस ने देर रात बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने उसी जगह से उनका जुलूस निकला, जहां पर उन्हाेंने वारदात काे अंजाम दिया था।

परदेशीपुरा पुलिस ने रात में ही दोनों को घेराबंदी कर दबोच लिया था।
परदेशीपुरा टीआई अशोक पाटीदार के अनुसार गुरुवार रात 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि जनता क्वार्टर पानी की टंकी के पास झगड़ा हुआ है। माैके पर पहुंची पुलिस काे घायल प्रशांत ने बताया कि वह अपने घर जा रहा था। इसी दौरान अमित (29) पिता लक्ष्मीनारायण चौहान निवासी 1188 जनता क्वार्टर और सचिन (24) पिता विजय गाडके निवासी 708 मोती बाबा मंदिर के पास जनता क्वार्टर ने उसे रोका। उन्हाेंने चाकू दिखाकर शराब के लिए पैसे मांगे। जब प्रशांत ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू निकालकर जानलेवा हमला कर दिया। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। फिर दोनों का उसी क्षेत्र में जुलूस निकाल दिया। पता चला है कि सचिन पर लूट और अवैध वसूली के मामले दर्ज हैं।