इंदौर7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
पुलिस ने ऑटो के नंबर के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हाउस कीपिंग का काम करने वाले दो युवकों को ऑटो चालक और उसके साथी ने लिफ्ट देकर गाड़ी में बिठाया। ड्राइवर ने जैसे ही ऑटो तेजी से दौड़ाया पीछे बैठे साथी ने युवकों को नकली पिस्टल अड़ा कर लूट लिया। एक युवक तो जान बचाने के लिए चलती ऑटो रिक्शा से कूद गया। दूसरे के पैर में रॉड डली थी। इसलिए वह बैठा रहा। पुलिस ने एक आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया।
तिलक नगर थाने के सब इंस्पेक्टर गुलाब सिंह रावत के अनुसार 27 सितंबर को ऑटो रिक्शा सवार 2 बदमाशों ने आइडिया ब्लॉक मल्टी निवासी धर्मेंद्र लौवंशी और उसके साथी रोहित को लूटा। पुलिस ने गुरुवार देर रात बदमाश आबिद पिता रशीद खान निवासी सांवेर रोड नरवल काकड़ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी खुर्शीद निवासी खजराना फरार है।
रावत के अनुसार, फरियादी धर्मेंद्र और उसका साथी 27 तारीख की रात को अपने घर जा रहे थे। रात काफी होने पर वे लिफ्ट मांग रहे थे। तभी तभी उन्हें सामने से एक ऑटो आता दिखा। ऑटो में ड्राइवर आबिद था और पीछे खुर्शीद बैठा हुआ था। दोनों युवक भी पीछे बैठ गए। तभी पीछे बैठे बदमाश ने पिस्टल अड़ाकर उन्हें रुपए निकलने को कहा। रोहित ने जेब से 400 रुपए निकाला और मौका देखकर वह चलते रिक्शा से कूद गया, लेकिन धर्मेंद्र बैठा रहा, क्योंकि उसके पैर में रॉड डली हुई थी। बदमाशों ने धर्मेंद्र को पीटकर उससे 3 हजार रुपए लूट लिए और उसे छोड़कर फरार हो गए।