भोपाल19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
घर के बाहर खड़ी बंद कार में हेडफोन लगाकर गाना सुन रहे दो युवकों में से एक फैजल की मौत दम घुटने से हुई थी। कार के कांच बंद थे और उस दौरान दोनों युवक सिगरेट पी रहे थे। कार में ज्यादा धुआं भरने से ऑक्सीजन की कमी हो गई और इससे दोनों को सांस लेने में तकलीफ हुई। ये खुलासा कोतवाली पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। इलेक्ट्रिक फिटिंग का काम करने वाला 22 वर्षीय फैजल जहांगीरिया क्षेत्र में रहता था। 24 अक्टूबर की रात 11 बजे फैजल वह अपने पड़ोसी अल्तमश के साथ था।
कुछ देर खड़े रहने के बाद दोनों घर के बाहर खड़ी बंद मारुति 800 कार में बैठ गए। कार पर डस्ट कवर डला था और कांच भी लगे थे। कार के अंदर दोनों हेडफोन लगाकर गाने सुन रहे थे। अचानक दोनों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। तबियत बिगड़ते देख परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने फैजल को मृत घोषित कर दिया। अल्तमश का अभी इलाज जारी है। टीआई प्रफुल्ल श्रीवास्तव ने बताया कि अल्तमश ने भी बयान में बंद कार में सिगरेट पीने की बात बताई है।
ऐसा दोनों ने बुजुर्गों की नजर में न आने के लिए किया था। पीएम रिपोर्ट में फैजल की मौत की वजह कॉर्डियो रेस्पिरेटरी फैलियर से होना बताई है। डॉक्टरों ने विसरा भी प्रीजर्व किया है। इसके रासायनिक विश्लेषण के बाद ही खुलासा होगा कि दोनों किस तरह की सिगरेट पी रहे थे।