- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- 36 Days Of Campaigning: 242 Villages Visited Silavat, 1.4 Million Spent; Guddu Reached 240 Villages, Spent 12 Lakhs
इंदौर19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट और कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू
- आज शाम 6 बजे थमेगा प्रचार, 3 नवंबर को होगा मतदान
- अभी तक सबसे अधिक खर्च तुलसी सिलावट ने किया
(गौरव शर्मा, संजय गुप्ता, दिनेश जोशी). सांवेर उपचुनाव का प्रचार रविवार शाम 6 बजे थम जाएगा। प्रचार के लिए भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट 1100 किमी तो कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू 1250 किमी चल चुके हैं। जहां तक प्रचार खर्च की बात है अभी तक सबसे अधिक खर्च तुलसी सिलावट ने किया है। वे प्रचार के दौरान 14 लाख 37 हजार रुपए खर्च कर चुके हैं। उपचुनाव में मप्र के सबसे अमीर प्रत्याशी कांग्रेस के प्रेमचंद गुड्डू ने अब तक 12 लाख 23 हजार रुपए खर्च किए हैं।
भाजपा : जनसंपर्क के लिए सिलावट ने 1100 किमी से ज्यादा का सफर किया
तुलसी सिलावट 212 बड़े और 30 छोटे गांव पहुंचे। 165 गांव उन्होंने चर्चा चौपाल की कार्यक्रम में कवर किए। 36 दिन के प्रचार में सिलावट अब तक 1100 किमी चले। आधा रास्ता उन्होंने पैदल तय किया। खाने में दाल-चपाती, खिचड़ी ली। सिलावट कहते हैं 48 साल से रोज 2 किमी वॉक करता हूं। इसलिए पैदल चलने में दिक्कत नहीं हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर ने बताया हमने सारे बड़े और छोटे गांव कवर किए। हर वर्ग के व्यक्ति तक पहुंचे। चौपाल चर्चा की। सांसद शंकर लालवानी 128 गांव पहुंचे और 114 बैठकें की।
संगठन ने कहा- सिलावट, मेंदोला, सोनकर की तिकड़ी पर भरोसा
खुद सिलावट के अलावा भाजपा की जीत का दारोमदार सोनकर और चुनाव प्रभारी व विधायक रमेश मेंदोला पर है। गुड्डू के चुनावी मैनेजमेंट का जवाब देने का जिम्मा मेंदोला का है। संगठन को उम्मीद है प्रदेश में सबसे ज्यादा वोट से चुनाव जीतने का मेंदोला का तरीका सांवेर में भी काम आएगा।
कांग्रेस : 1250 किमी चले गुड्डू, कहीं पैदल तो कहीं गाड़ी से पहुंचे प्रचार करने
प्रेमचंद गुड्डू 200 बड़े गांव और 40 छोटे गांवों में पहुंचे। 40 दिनों (नामांकन से भी 4 दिन पहले) से ज्यादा के प्रचार में गुड्डू करीब 1250 किमी चले। जनता से सीधा संवाद भी किया। खाने में दाल-रोटी, सब्जी और फ्रूट लिए। खाना कार्यकर्ताओं के बीच ही खाया। हर दिन कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव कहते हैं हमने सभी गांवों में जनसंपर्क किया। 125 से ज्यादा गांवों में तो पहले भी पहुंच चुके हैं। यहां चौपाल चर्चा की। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी भी 110 से ज्यादा गांवों में प्रचार कर चुके हैं।
गुड्डू का मैनेजमेंट, हर बूथ पर 30-30 लोगों की टीम रहेगी तैनात
गुड्डू को खुद के मैनेजमेंट, कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता और टीम पर भरोसा है। हर बूथ पर कांग्रेस ने 30-30 लोगों की टीम बना रखी है। स्पेशल-200 टीम भी है। यह गुड्डू, पटवारी, यादव और कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं के समन्वय से काम करेगी। जहां कमी है या फिर कोई और तैयारी की जरूरत है, वहां यह टीम काम करेगी।
बसपा प्रत्याशी और रिटायर अपर कलेक्टर तीसरे नंबर पर, 4.57 लाख खर्च कर चुके
तुलसी सिलावट द्वारा सबसे अधिक खर्च चुनावी सभा, रैलियों पर किया गया है। इस पर उन्होंने अभी तक करीब आठ लाख रुपए खर्च किए हैं। इसकी एक बड़ी वजह उनके प्रचार के लिए बार-बार सीएम शिवराज सिंह चौहान, भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया व अन्य द्वारा की जा रही रैलियां है।
कांग्रेस प्रत्याशी गुड्डू द्वारा अभी तक रैली, जनसभाओं पर केवल साढ़े तीन लाख रुपए ही खर्च किए गए हैं। उधर बसपा प्रत्याशी व रिटायर अपर कलेक्टर विक्रम सिंह गेहलोत भी खर्च में पीछे नहीं हैं। रैली, जनसभा के बगैर वह अपने स्तर पर चुनाव प्रचार में 4 लाख 57 हजार रुपए खर्च कर चुके हैं।