ग्वालियर12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
महाराज बाड़ा, लश्कर
3 नवंबर को आधे शहर में मतदान होगा। ग्वालियर और ग्वालियर पूर्व में वोट डाले जाएंगे, लेकिन प्रचार का अंतिम दिन और रविवार की छुट्टी होने से शहर के तीनों बाजारों (हजीरा, महाराज बाड़ा, मुरार सदर बाजार) में ट्रैफिक जाम रहा। इस कारण सारा शहर परेशान हाेता रहा। वजह- भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अंतिम दिन शक्ति प्रदर्शन कर पूरी ताकत झोंकी। प्रत्याशियों ने रोड शो और रैलियां निकालीं।
इस कारण हजीरा और मुरार सदर बाजार में जाम के हालात रहे तो करवाचौथ के लिए महिलाओं की भीड़ महाराज बाड़े के बाजारों में उमड़ी, इसलिए यहां भी ट्रैफिक चार घंटे तक रेंगता रहा। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों ने काेटेश्वर मंदिर से हजीरा तक रोड शो किया और दोनों के रोड शो के कारण इस पूरे क्षेत्र में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे ट्रैफिक जाम होता रहा। वहीं मुरार में कांग्रेस के रोड शो के कारण बारादरी चौराहा, सदर बाजार, थाना रोड क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम हो गया। मतदान के दिन भी छुट्टी है और अगले दिन करवाचौथ। इस कारण ट्रैफिक की यह परेशानी 4 नवंबर तक लोगों को झेना पड़ेगी। करवाचौथ से दीपावली तक भी बाजारों में भीड़ के कारण आवागमन व्यवस्थित नहीं हो सकेगा।
ट्रैफिक पुलिस गायब रहने से बढ़ी परेशानी
चुनाव ड्यूटी के कारण रविवार को शहर के चौराहों और बाजारों से ट्रैफिक पुलिस गायब रही। इस वजह से लोग अपनी मर्जी से किसी भी दिशा में वाहन लेकर आते जाते रहे और ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ती रही। वाहन चालकों ने चौराहों पर बत्ती सिस्टम का भी पालन नहीं किया। बाजारों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भय बना रहा।