धार3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- पुष्य, रवि, सर्वार्थ व अमृत सिद्धि जैसे योग में खरीदारी से परिवार में आएगी सुख-समृद्धि
दीपावली के निकट आते ही लोगों ने ज्वेलरी, वाहन व इलेक्ट्रॉनिक्स सामान समेत अन्य गृह उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी करना शुरू कर दिया है। बहुत से ऐसे लोग हैं, जो खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए शनिवार से ही मुहूर्त शुरू हो गए हैं। धनतेरस 13 नवंबर को व दीपावली 14 नवंबर को है।
खास बात यह है कि इन 14 दिनों में धनतेरस के अबूझ मुहूर्त सहित 7 दिन विभिन्न शुभ योग रहेंगे। इनमें पुष्य, रवि, सर्वार्थ व अमृत सिद्धि जैसे शुभ योग शामिल हैं। ज्योतिषियों का मत है कि ऐसे विशेष योगों में की गई खरीदी परिवार के लिए सुख-समृद्धिदायी होती है।
पंडितों के अनुसार 4 नवंबर को करवा चौथ, 6 को स्कंध षष्ठी, 8 को अहोई अष्टमी व 11 नवंबर को रंभा एकादशी रहेगी। इन दिवसों में भी खरीदी फलदायी रहेगी। पं. हिमांशु शुक्ल का कहना है कि इन सात दिनों में कई दिन ऐसे हैं, जिनमें एक दिवस में एक साथ दो या इससे अधिक शुभ योग हैं।
धनतेरस पर वाहन, भवन, आभूषण खरीदना मंगलकारी
1 नवंबर : त्रिपुष्कर योग सूर्योदय से रात 1.30 बजे तक रहेगा। प्रतिष्ठान का शुभारंभ व खरीदारी उत्तम रहेगी।
3 नवंबर : सर्वार्थ सिद्धि योग सूर्योदय से अगले दिन दोपहर 2.30 बजे तक। मांगलिक कार्य खरीदारी करना लाभदायी होता है।
4 नवंबर : सूर्योदय काल से दोपहर 2.30 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग में रत्न, आभूषण व वस्त्र खरीदना लाभकारी रहेगा।
6 नवंबर : स्कंद षष्ठी व शाम 4.21 बजे से त्रिपुष्कर, पुष्य योग प्रारंभ होगा, जो शनिवार शाम 5.20 बजे तक रहेगा। सभी खरीदारी व यात्रा करना शुभ होगा।
7 नवंबर : इस दिन रवि योग सुबह 6.47 बजे से 8.12 बजे तक रहेगा। वाहन, भवन-भूखंड खरीदना शुभ।
8 नवंबर : कुमार योग, अश्लेषा नक्षत्र व अहोई अष्टमी। खाद्यान्न व औषधि आदि की खरीदारी व मांगलिक कार्य श्रेष्ठ फलदायी रहेगा।
13 नवंबर : धनतेरस-अबूझ मुहूर्त दिवस, प्रदोष व हस्त नक्षत्र योग रहेगा। खरीदारी मंगलकारी रहेगी।