- Hindi News
- Local
- Mp
- Khandwa
- Khargone
- The Superstitious Son Thought Of The Mother As A Postman And Then With A Knife, Said On Arrest If I Do Not Kill She Would Kill Me
महेश्वर/खरगोन7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मृतिका कलाबाई
- बहू के मायके जाने पर बेटे की चिंता में गांव आई थी बुजुर्ग मां, बेटे ने पेट व पीठ में चाकू घोंपकर मार डाला
जिस बेटे को 9 माह तक कोख में पाला व परवरिश की उसने ही मां के पेट को चाकू से छलनी कर दिया। चहेते के दिए वारों से तड़प-तड़पकर मां ने दम तोड़ दिया। वह बहू के मायके चले जाने पर बेटे की भोजन की चिंता में दूसरे बेटों के घर से उसके पास आई थी। अंधविश्वासी बेटा अपनी मां के डाकन होने की बात कह रहा है। वारदात के बाद उसे जरा भी पछतावा नहीं। उसका कहना है कि यदि उसे नहीं मारता तो वह रात में मुझे मार डालती। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है।

आरोपी नारायण
रिश्तों को तार-तार करने वाली यह घटना रविवार शाम 5.30 बजे महेश्वर तहसील मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर करोली गांव में हुई। टीआई पीके मुवेल के अनुसार रविवार की शाम कलाबाई पति गणपत कर्मा (70) की चाकू से हत्या की सूचना मिली। घटना के बाद से उसका बेटा नारायण कर्मा (45) फरार था। इसे गांव से ही पकड़ा गया। कड़ी पूछताछ में नारायण ने कहा कि मां डाकन हो गई थी। मैं मां को नहीं मारता तो रात को वह मुझे मार डालती। खुद को टोटके से बचाने के लिए पेट, पीठ व हाथ में चाकू से 8-10 वार कर मार दिया। पुलिस ने चाकू जब्त किया है।
बहू के मायके चले जाने से परेशान थी मां
आरोपी के भाई भगवान ने बताया भाभी के मायके चले जाने से मां परेशान थीं। उसे नारायण के भोजन की चिंता थी। शनिवार मां ने कहा गांव चलते हैं। वहां तुम्हारे साथ नारायण की भी रोटी बना दूंगी। सुतारी का काम करने वाले भगवान के अनुसार रविवार वह भाई बद्री के साथ मजदूरी के लिए महेश्वर आया।
शाम 4 बजे छुट्टी होने पर गांव के लिए निकले। इसी दौरान भवानी माता मंदिर क्षेत्र में भाई नारायण मिला। यहां से टेम्पो से साथ महेतवाड़ा रोड पर गवला फाटे पहुंचे। नारायण वहां से ट्रैक्टर से ईटावदी और फिर बाइक से गांव पहुंच गया। कुछ ही देर बाद गांव से आए बाइक सवार ने मां के घायल होने की सूचना दी।
हत्या कर शव के पास बैठा रहा आरोपी
भगवान ने पुलिस को बताया मैं गांव पहुंचा तो मां खून से लथपथ पड़ी थी। उसकी अंतड़ियां बाहर निकली थी। हाथ व पीठ पर चोट के निशान थे। पास बैठे नारायण के कपड़ों पर भी खून के निशान व हाथ में चाकू था। मां को मारने का कारण पूछने पर उसके डाकन होने की बात कही। गंभीर स्थिति में 108 से मां को लेकर महेश्वर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में भीड़ बढ़ने पर नारायण भाग गया। पुलिस ने सोमवार काे गांव से उसे गिरफ्तार किया।
मारपीट से परेशान होकर पत्नी ने भी छोड़ा
जानकारी के अनुसार कलाबाई (70) के तीन बेटे है। मकान के दो हिस्सों में से एक में बड़ा बेटा नारायण (45) व उसकी पत्नी जागृतिबाई अपने 4 बच्चों के साथ रह रहे थे। दूसरे में कलाबाई, उसका बेटा बद्री, उसकी पत्नी व तीसरा बेटा भगवान रहता था। करीब 4 माह पहले बद्री व भगवान अपनी मां को साथ लेकर महेश्वर जाकर रहने लगे। 15 दिन पहले नारायण की पत्नी जागृतिबाई 3 लड़की व 1 लड़के को लेकर मायके ग्राम बासवा चली गई। ग्रामीणों के अनुसार नारायण पत्नी से भी मारपीट करता था। झगड़े से परेशान होकर उसने नारायण का घर छोड़ दिया।
पढ़िए: रिश्तों को शर्मसार करने वाले मामले
मेड़ विवाद में खून के प्यासे छोटे भाई ने बड़े की तलवार मारकर की हत्या
जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर ऊन थाना क्षेत्र के गुवाड़ा महुगांव में मेड़ के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की तलवार मारकर हत्या कर दी। आरोपी फरार है। पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार उंदरिया पिता कुलिया (68) का छोटे भाई भिकलिया से खेत की मेड़ को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा था। आरोप है उसने मेड़ तोड़ ली। रविवार को सुबह करीब 11.30 बजे दोनों खेत में थे। कहासुनी पर विवाद बढ़ा।
भिकलिया ने अपने पास रखी तलवार निकाली और उंदरिया के बायी ओर चेहरे पर हमला कर दिया। उंदरिया के गाल से लेकर कान तक पूरा हिस्सा कट गया। दूसरा वार गले व छाती के बीच किया। बीच बचाव में आई भतीजी झीना पर भी हमला किया। उंदरिया को गंभीर हालत में परिजन ऊन अस्पताल ले गए।
यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। डॉक्टरों के मुताबिक ज्यादा खून बहने व नसें कटने से उंदरिया की मौत हो गई। दोनों भाइयों में मेड़ के विवाद को लेकर समाज की पंचायत हुई थी। इसमें भी सहमति नहीं बनी थी। लगातार विवाद हो रहा था। घटना के कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था।
सास की मुंह दबाकर हत्या करने वाला आरोपी दामाद हुआ गिरफ्तार
भीकनगांव के सेल्दा में 9 अक्टूबर 2019 को सावित्रीबाई पति रामसिंह भील (60) की मुंह दबाकर हत्या के आरोपी दामाद राजू को एक साल बाद गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया 8 सितंबर को मिली फोरेंसिक रिपोर्ट में महिला की मुंह दबाने व दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी। महिला के हाथ के चांदी के कड़े बाजार में गिरवी रख दिए। बाद में कड़े पुलिस ने बरामद किए। आरोपी भील पहले इंदौर में मैजिक वाहन चलाता था। बाद में ट्रक चलाने लगा। उसकी सास भी साथ ही रह रही थी।
घटना के समय आरोपी की पत्नी बच्चों के साथ बाहर गई थी। घटना वाले दिन आरोपी जब ड्राइवरी से उसके घर आया तो उसने सास को पत्नी व बच्चों का पता पूछा व उन्हें बुलाने को कहा। सास ने जानकारी नहीं होना बताया। दोनों में कहासुनी हुई। राजू ने सावित्रीबाई के साथ मारपीट कर उसका मुंह व नाक दबाकर हत्या कर कड़े लेकर फरार हो गया। पड़ोसी व रिश्तेदारों ने घटना की सूचना दी। मामले की एएसआई हरिप्रसाद पाल, आरक्षक हीरालाल कास्डे, इसराम ने पड़ताल की।