- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- Now Water Supply Will Not Stop In The Areas Beyond The Tracks, Gangasagar Tank Will Be Filled From The Big Line, The Water Department Tested The Line
रतलाम13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
टेस्टिंग के दौरान गंगासागर टंकी के यहां निकला पानी, इससे लाइन की सफाई भी हो गई।
- फिलहाल 75 हजार से ज्यादा रहवासी उठा रहे हैं परेशानी
पटरी पार के 13 वार्डों में रहने वाले 75 हजार से ज्यादा रहवासियों को पानी की परेशानी नहीं होगी। अब सबसे बड़ी 15 लाख गैलन क्षमता वाली गंगासागर टंकी अलग ही बड़ी लाइन से भरेगी। इससे छोटी-मोटी दिक्कत होने पर भी टंकी भर जाएगी व सप्लाई पर फर्क नहीं पड़ेगा। जलप्रदाय अमले ने मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना में इंद्रा नगर से गंगासागर टंकी तक डाली गई बड़ी पाइप लाइन की टेस्टिंग कर ली है।
इसके सफल रहने के बाद अब इस लाइन को टंकी से कनेक्शन करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके होते ही टंकी को बड़ी लाइन से भरकर सप्लाई देना शुरू कर देंगे। बता दें कि पिछले एक साल से पटरी पार के क्षेत्रों की जल सप्लाई व्यवस्था अस्त-व्यस्त चल रही है। इसी को ठीक करने के लिए जलप्रदाय विभाग ने यह कदम उठाया है।
बदलेगी व्यवस्था: नई लाइन सीधे धोलावड़ से जोड़ी जाएगी
अभी गंगासागर टंकी को ऋतुराज संपवेल के जरिए भरा जाता है। इसी संपवेल से बुस्टिंग करके सीधे कई क्षेत्रों में घरों तक पानी की सप्लाई भी जाती है। इस कारण कई मर्तबा टंकी पूरी नहीं भर पाती। इतना ही क्षेत्र में कहीं भी लाइन लीकेज होने या वॉल्व खराब होने पर सप्लाई के साथ टंकी भरना भी बंद हो जाती है। नई लाइन सीधे धोलावड़ लाइन से जुड़ने के कारण यह समस्या नहीं रहेगी।
बाकी टंकियां सीधे जुड़ी हैं
शहर में 17 टंकियों से जलप्रदाय किया जाता है। इसमें से गंगासागर टंकी को छोड़कर बाकी टंकियां डायरेक्टर धोलावड़ की लाइन से जुड़ी थी इसलिए ज्यादा समस्या नहीं आती थी। इसी कमी को दूर करने के लिए इस टंकी को अलग से लाइन से जोड़ा जा रहा है। नगर निगम का यह प्रयोग भी रोजाना पानी देने की कवायद का एक कदम है। टंकी का कनेक्शन होने के बाद जलप्रदाय अमला पटरी पार के क्षेत्रों में पानी देने के समय के शेड्यूल में भी संशोधन करेगा।
33 से ज्यादा लीकेज ठीक किए
दीपावली पास आने के साथ ही शहरवासियों को रोजाना पानी देने के लिए नगर निगम की मुहिम तेज कर दी है। 15 दिन में पाइप लाइनों में लगे 11 वॉल्व और पाइप लाइनों के 33 से ज्यादा लीकेज ठीक किए जा चुके हैं। रविवार को भी 3 वॉल्व और 9 लीकेजों की मरम्मत की गई।
इनमें डोंगरे नगर, गोपाल गोशाला के सामने, पटेल कॉलोनी, भगतपुरी, खातीपुरा, रहमत नगर, रानीजी का मंदिर पास वाले लीकेज शामिल हैं। इसके अलावा मिल्लत नगर की चॉक लाइन को भी खोला गया। मुहिम जलप्रदाय विभाग प्रभारी सत्यप्रकाश आचार्य, उपयंत्री सुहास पंडित, भैयालाल चौधरी की देखरेख में चल रही है।
गंगासागर टंकी के बड़ी लाइन से जुड़ने पर पटरी पार क्षेत्र की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। लीकेज और वॉल्व भी ठीक किए जा रहे हैं। इसके अलावा भी रोजाना पानी देने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
सोमनाथ झारिया, आयुक्त