कसरावद18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
वनकर्मियों को सर्चिंग के दौरान खेतों में पगमार्क मिले।
- शिकार ढूंढते नगर से 3 किमी दूर मोगावां रोड पर पहुंचा
नर्मदा पट्टी क्षेत्र में अक्सर देखा जा रहा तेंदुआ अब नगर से 3 किलोमीटर दूर तक पहुंच गया। रात को शिकार ढूंढते यह खेतों में पहुंचा। यहां ट्रैक्टर से खेत तैयार कर रहे किसान ने इसे देखा। कुछ देर बाद पास के खेत में एक मजदूर ने भी तेंदुआ होने की सूचना दी। घबराए किसान रात को घर लौट आए। सोमवार सुबह वनकर्मियों ने पगमार्क देखे लेकिन यह स्पष्ट नहीं होने से तेंदुआ ही होने की पुष्टि नहीं की। नगर के किसान कन्हैयालाल पाटीदार ने बताया रविवार की रात करीब 9.30 बजे मोगावां रोड स्थित खेत में रोटावेटर चला रहा था।
इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर से कुछ ही दूर सामने तेंदुआ आकर खड़ा हो गया। ट्रैक्टर को पीछे किया और लाइट चालू रखी। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों को सूचना देना चाही। लेकिन वह दूरी पर होने से आवाज नहीं पहुंच पाई। कुछ देर बाद पास के खेत से घबराते हुए मजदूर पहुंचा और तेंदुआ होने की बात कही। आसपास के किसानों को भी जानकारी मिलने पर वे भी सिंचाई का काम छोड़कर घर आ गए।
रात नहीं दिन में मिले बिजली
किसानों ने कहा तेंदुए की उपस्थिति के कारण अब रात में खेत तैयार करने व सिंचाई के काम करना जोखिम भरा है। इसे देखते हुए बिजली कंपनी को दिन में ही 10 घंटे सिंचाई की बिजली देना चाहिए। किसान मुकेश बांगा, राजेंद्र बांगा, सुनील पाटीदार, अनिल पाटीदार आदि ने कहा वर्तमान में रात 1.30 से सुबह 5.30 बजे तक 4 घंटे और दिन में सुबह 11.30 से शाम 5.30 बजे तक 6 घंटे बिजली मिल रही है। इस व्यवस्था में बदलाव किया जाना चाहिए। क्योंकि तेंदुए दिखने के बाद अब किसानों के साथ मजदूर भी रात के दौरान खेतों में जाने से परहेज करेंगे। दिन में 10 घंटे बिजली देने को लेकर जल्द कंपनी को आवेदन भी दिया जाएगा।
वनकर्मी बोले- पगमार्क स्पष्ट नहीं
सोमवार को सूचना मिलने पर वनकर्मी खेतों में पहुंचे। बीट प्रभारी हरिसिंह वाघ, विपिन चौहान व टूटा यादव ने एक किलोमीटर क्षेत्र में 2 घंटे तक सर्चिंग की। बीट प्रभारी ने कहा कुछ जगह पगमार्क मिले है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है। 4 फीट ऊंचा कोई अज्ञात जानवर हो सकता है। वहीं पंचनामे पर हस्ताक्षर के दौरान किसानों ने तेंदुआ ही होने की बात कही। किसानों ने कहा खेतों के पास मवेशी बंधे हुए है। शायद शिकार की तलाश में तेंदुआ यहां पहुंचा होगा।