पिपरिया6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- निगम चुनाव : 10 नवंबर को होना है महापौर के लिए वोटिंग
- कोटा दक्षिण में भाजपा-कांग्रेस के 36-36 पार्षद जीते, 8 निर्दलीय, जीत के लिए चाहिए 41 वोट
राजस्थान के भाजपा पार्षदों का एक दल शनिवार रात पचमढ़ी पहुंचा। 6 कार और 1 बस में पार्षद यहां पहुंचे। इन्हें तीन होटल चंपक, ग्लेन व्यू और सतपुड़ा ट्रीट में रुकवाया गया है।
कितने पार्षद हैं, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। भाजपा पार्षदों को बाड़ाबंदी कर यहां लाई है। कांग्रेस ने भी अपने पार्षदों की राजस्थान में बाड़ाबंदी की हुई है। दरअसल राजस्थान में नगर निगमों के चुनावों के नतीजों की 3 नवंबर को घोषणा हुई थी। कोटा दक्षिण नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस के 36-36 पार्षद जीते थे। 8 निर्दलीय जीते। यहां 80 सीटें हैं। अपना महापौर बनाने के लिए दोनों पार्टियों को 41 वोट चाहिए। 8 निर्दलीय में से कुछ भाजपा और कुछ कांग्रेस के पास है। दोनों ही पार्टी अपना महापौर बनाने का दावा कर रही हैं। 10 नवंबर को महापौर पद के लिए मतदान होना है, तब तक के लिए कांग्रेस ने राजस्थान में तो भाजपा ने अपनी पार्टी की सरकार वाले मप्र में पार्षदों की बाड़ाबंदी कर रखी है। भाजपा के पार्षद 3 नवंबर के बाद से ही राजस्थान से बाहर नजरबंद हैं। शनिवार को पचमढ़ी पहुंचे। उनके साथ राजस्थान भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। जिन तीन होटलों में पार्षद रुके हैं, वहां पुलिस किसी भी बाहरी व्यक्ति को नहीं जाने दे रही है।