राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस को बड़ी जीत मिलने जा रही है
राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के नेता विवेक तन्खा ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत और सार्वजनिक तौर पर जिनसे भी चर्चा हुई है उसके मुताबिक 22 विधायकों की गद्दारी और पाला बदलने के एवज में 35 करोड़ की रकम लेने की बात जनता भी महसूस कर रही है. विधायकों की खरीद-फरोख्त और पार्टी से की गई उनकी गद्दारी को देखते हुए नतीजों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है
- News18Hindi
- Last Updated:
November 8, 2020, 7:41 PM IST
तन्खा ने सभी मुद्दों पर बीजेपी की जमकर घेराबंदी करते हुए कहा कि बीजेपी ने प्रदेश में राजनीति की गलत परंपरा की शुरुआत की है. चुनी हुई सरकार को गिराने की बात हो या फिर लालच देकर विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल करवाने का मसला. उन्होंने कहा कि जनता भी समझ रही है कि बीजेपी राजनीति को किस ओर लेकर जा रही है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के विधायकों को तोड़कर अपने पाले में शामिल करने और उन्हें कर्नाटक के होटल में ठहराने से लेकर हवाई जहाज तक का खर्च भारतीय जनता पार्टी ने उठाया है, और इसके सबूत भी उनके पास मौजूद हैं.
राज्यसभा सांसद ने फिर दोहराया कि बीजेपी ने पहले भी लालच देकर अन्य पार्टियों (कांग्रेस) के विधायकों को तोड़ा है और अब भी यह सिलसिला बदस्तूर जारी है. कमलनाथ के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रहे कंप्यूटर बाबा के इंदौर स्थित आश्रम पर बुलडोजर चलाए जाने पर भी सांसद विवेक तन्खा ने ऐतराज जाहिर किया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी बदले की भावना से काम कर रही है. उन्होंने बीजेपी को आगाह किया कि बदले की राजनीति होगी तो भविष्य में कांग्रेस की सरकार आती है तो इसका खामियाजा उसे भुगतना होगा.