Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- उपचुनाव परिणाम के बाद भोपाल में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने ली पार्टी विधायक व अध्यक्षों की बैठक
उपचुनाव में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की हार पर जिला संगठन से रिपोर्ट मांगी गई है। इस रिपोर्ट में संगठन को हार के कारणों के साथ उन नेताओं को भी चिन्हित करना होगा, जिन्होंने चुनाव के दौरान पार्टी और प्रत्याशी के लिए काम नहीं किया या फिर भितरघात किया है।
परिणाम आने के बाद बुधवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने विधायक और शहर-ग्रामीण अध्यक्षों की बैठक भोपाल में बुलाकर परिणामों की समीक्षा की। इस बैठक में ग्वालियर से विधायक लाखन सिंह, प्रवीण पाठक, डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, सुरेश राजे और ग्वालियर विस से चुनाव हारे सुनील शर्मा के साथ शहर अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा व ग्रामीण अध्यक्ष अशोक सिंह शामिल हुए।
कमलनाथ ने शहर अध्यक्ष श्री शर्मा से कहा है कि ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की हार पर पूरा मंथन किया जाए और हार का एक-एक कारण के साथ रिपोर्ट तैयार की जाए। ताकि, उन कमियों को पूरा किया जा सके। इस रिपोर्ट में पार्टी- प्रत्याशी के विरोध में काम करने वालों के नाम भी शामिल होंगे। इसके साथ ही संगठन में जल्द ही नियुक्तियां की जाएंगी और नगर निगम व पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए भी कहा गया है। इस बैठक में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, राजमणि पटेल, विधायक कांतिलाल भूरिया और वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी भी मौजूद रहे।
भितरघातियों की बन रही सूची, होगी कार्रवाई
अंचल में अपेक्षित जीत नहीं मिलने से कांग्रेस की प्रदेश राजनीति में विचार विमर्श जारी है। उपचुनाव में ग्वालियर-चंबल संभाग के परिणामों से आला कमान ज्यादा खुश नहीं है। हारे हुए प्रत्याशियों ने हार का सारा ठींकरा भितरघातियों पर फोड़ा है। ऐसे में आगामी चुनावों को देखते हुए ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार हो रही है जिनकी निष्ठाएं डवांडोल हैं।