Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पश्चिमी विक्षोभ का असर
- सात दिन से चढ़ रहा पारा, नमी भरी हवा से उमस बढ़ी
- दिन में चलने लगे पंखे, रात में भी ठंड हुई कम
त्यौहार के बीच पश्चिमी विक्षोभ की दूसरी लहर से जबलपुर सहित महाकौशल में सर्दी कमजोर पड़ गई है। माह के पहले सप्ताह में सिहरन पैदा करने वाली ठंड के बाद पश्चिमी विक्षोभ आने से तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया था। अब दोबारा वेस्टर्न डिस्टरबेंस की आहट से सर्दी लगभग गायब हो गई है। हवा का रुख बदलने से पारे की चाल उलटी हो गई है। एक सप्ताह के अंदर ही सामान्य से पांच डिग्री नीचे रहा पारा अब सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चढ़ गया है। नमी भरी हवा चलने से उमस बढ़ गई है। उत्तर-पूर्वी हवा के साथ आसमान में हल्के बादल मंडरा रहे है। अभी चार-पांच तक दिनों तक ठंड का असर नहीं होगा।
तारीख | अधिकतम तापमान डिग्री से. में | प्लस/माइनस डिग्री से. में | न्यूनतम तापमान डिग्री से. में | प्लस/माइनस डिग्री से. में | हवा का रूख/प्रति घंटा |
10 नवंबर | 28.2 | माइनस 2 | 10 | माइनस 5 | उत्तरी 1 किमी |
11 नवंबर | 30.2 | शून्य | 11.5 | माइनस 4 | उत्तरी 1 किमी |
12 नवंबर | 31.3 | प्लस 2 | 16.3 | प्लस 1 | उत्तर-पूर्वी 1 किमी |
13 नवंबर | 32.3 | प्लस 3 | 18.4 | प्लस 3 | दक्षिणी 2 किमी |
14 नवंबर | 32.4 | प्लस 3 | 18.0 | प्लस 3 | दक्षिण-पश्चिमी 2-3 किमी |
15 नवंबर | 33.4 | प्लस 4 | 18.1 | प्लस 3 | दक्षिणी 3 किमी |
16 नवंबर | 31.8 | प्लस 3 | 17.6 | प्लस 3 | उत्तर-पूर्वी 1 किमी |
दोपहर में उमस, शाम को हल्के बादल
अरब सागर की ओर से आ रही हवा से मौसम में नमी घुल गई है। शहर में दीवाली से ही ठंड लगभग गायब है। हवा में प्रदूषण बढ़ने का असर भी तापमान पर पड़ा है। सोमवार को भी हल्की उमस हुई। दिन में लोगों को पंखा चलाना पड़ रहा है। हालांकि रात में हल्की सर्दी बनी हुई है। सोमवार शाम को हल्के बादल छाए रहने से उमस और बढ़ गई। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। सुबह के समय आद्रता 68 प्रतिशत और शाम को 54 प्रतिशत थी। उत्तर पूर्वी हवा 1 किमी प्रतिघंटा की गति से चलीं।

जबलपुर में शाम को हल्के बादल छाने के बाद का मौसम
शुष्क रहेगा मौसम, छाएंगे बादल-
मौसम कार्यालय प्रभारी बीजे जैकब के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव फिर आ रहा है। इसकी आहट के साथ प्रदेश में कुछ जगह सोमवार को भी हल्की-बूंदाबांदी हुई । अरब सागर की ओर से आने वाली हवा से पश्चिमी विक्षोभ के आने के संकेत मिल रहे है। 18 नवंबर को अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने की सम्भावना है। इसका प्रभाव शहर के मौसम पर चार-पांच दिन तक रह सकता है। इस कारण सुबह-रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बने रहने का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हुई है। आसमान साफ होने पर उत्तर की ओर से आने वाली हवा मौसम में ठंड बढ़ाएगी। अगले सप्ताह से कड़ाके की सर्दी शुरु होने का अनुमान है।