Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
शाजापुरएक दिन पहले
- कॉपी लिंक
- मुहूर्त पूजा के बाद आज कृषि मंडी में शुरू होगा कारोबार
दीपोत्सव के पहले बंद हुई कृषि मंडी में आज से फिर रौनक दिखाई देगी। मंडी के व्यापारियों से लेकर प्रबंधन के कर्मचारियों ने मुहूर्त के सौदे की तैयारियां कर ली है। बुधवार सुबह 10 बजे बाद बोली लगाई जाएगी।
मुहूर्त सौदे में उपज के ऊंचे दाम मिलने की उम्मीद में क्षेत्र के किसान एक दिन पहले ही मंडी में फसल लेकर पहुंच गए। बीते सालों में 4500 रुपए क्विंटल के दाम से सोयाबीन बिका था, लेकिन इस वर्ष उत्पादन कम होने से ज्यादा दाम मिलने की उम्मीद किसानों को है।
मंडी कर्मचारी अनिल जैन ने बताया मंडी में भाईदूज के बाद मुहूर्त किया जाता था, लेकिन इस बार मंगलवार होने से मुहूर्त सौदा अब बुधवार को किया जा रहा है। पूर्व के सालों में पहले नंबर पर अनाज से भरी गाड़ी लगाने की बात पर विवाद भी होते रहे हैं।
ऐसे में इस बार मंडी में टोकन सिस्टम शुरू किया गया है। बुधवार को नीलामी से पहले जितने किसान उपज लेकर मंडी में पहुंचेंगे, उन्हें सभी को टोकन दिया जाएगा। इस टोकन के आधार पर ही व्यापारियों द्वारा नीलामी में बोली लगाई जाएगी।
मोनोपाली के चलते नहीं मिलते ऊंचे दाम
मुहूर्त सौदा होने के बाद भी शाजापुर मंडी में सोयाबीन के दाम ज्यादा नहीं मिलते। किसान धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि मंडी व्यापारियों द्वारा मोनोपाली बना ली जाती है। इसके चलते दूसरे जिले की तुलना में व्यापारी मुहूर्त में भी ऊंची बोली नहीं लगाते। पिछले तीन साल से हर वर्ष करीब 4500 रुपए का शगुन कर दिया जाता है। 2019 में करीब 5 हजार के पास बोली लगाई गई थी। जबकि शुजालपुर में ही मुहूर्त सौदा 5000 रुपए के ऊपर जाता है।
पहले ही पहुंचे किसान
मंडी कारोबार शुरू होने को लेकर मंडी समिति द्वारा क्षेत्र के किसानों तक खबर कर दी गई। मुहूर्त में शामिल होने के लिए कुछ किसान तो मंगलवार देर शाम से ही मंडी में पहुंचने लगे। रामसिंह गोयल के अनुसार वे पिछली बार पहले नंबर पर आने से चूक गए थे। इस कारण उन्हें 3600 रुपए क्विंटल ही दाम मिले थे। इस बार वे पहले से उपज लेकर मंडी आ गए हैं। मंगलवार रात तक 10 से 15 किसान पहुंच चुके थे।