Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
प्रतापनगर ओवरब्रिज पर अनाज मंडी में व्यापारी के मुनीम की आंख में मिर्ची पाउडर झोंककर 9 लाख रुपए लूटने वाले चारों आरोपियों का पुलिस रिमांड खत्म होने पर मंगलवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने पूछताछ के लिए दो आरोपियों का रिमांड बुधवार तक बढ़ाया है और दो आरोपियों को जेल भेजने के आदेश किया। व्यापारी के अकाउंटेंट अशोक उर्फ लक्ष्मीनारायण जायसवाल की आंख में मिर्ची झोंकी थीं। इससे पहले 27 अक्टूबर को अन्य फर्म के अकाउंटेंट जितेंद्र जैन के साथ भी लूट का प्रयास हुआ था। 8.50 लाख रुपए जब्त कर पुलिस ने आरोपी सूरज रावत (23) नि. ओसवाल नगर, कीर्ति शर्मा (22) नि. धीरजशाह नगर, दीपक शर्मा (23) नि. लक्ष्मीनारायण नगर, मोंटी गेहलोत (23) नि. टाटानगर को गिरफ्तार किया। कीर्ति मंडी में व्यापारियों के अकाउंट लिखने का काम करता था। वही मास्टरमाइंड था। नौकरी छोड़ने के बाद भी वह मंडी आता था। बैंक से रुपए लेकर आने वाले व्यापारी या मुनीम का हुलिया, गाड़ी का नंबर और कलर बताकर साथियों से लूट की वारदात करवाता था। चारों को न्यायालय से 17 नवंबर तक रिमांड पर सौंपने के आदेश हुए। मंगलवार को चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से अन्य वारदात के संबंध में पूछताछ के लिए कीर्ति और सूरज का रिमांड बुधवार तक बढ़ाने के आदेश हुए।